*रायगढ़ पुलिस की ‘ऑपरेशन आघात’ में बड़ी सफलता: 300 किलो गांजे के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार, 1.86 करोड़ की जब्ती*

रायगढ़:

रायगढ़ पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत आज एक बड़ी कामयाबी मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में लैलूंगा पुलिस ने उड़ीसा से मध्यप्रदेश ले जाई जा रही 300 किलोग्राम गांजे की खेप को पकड़ने में बड़ी सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई में जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 50 लाख रुपये है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने कटकलिया मार्ग पर घेराबंदी कर दो लग्जरी वाहनों—इनोवा क्रिस्टा और मारुति सुजुकी एक्सएल-6 को रोका। जांच के दौरान इनोवा गाड़ी पर दोहरी नंबर प्लेट लगी मिली। तलाशी लेने पर वाहनों से गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने तीन तस्करों—निखिल कश्यप, रिंकु कश्यप और धर्मेंद्र कुमार मौर्य को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है।

कुल 1 करोड़ 86 लाख रुपये की कीमत के गांजे, वाहनों और पांच मोबाइल फोन की जब्ती के साथ ही पुलिस ने आरोपियों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने बताया कि अंतर्राज्यीय तस्करी के इस नेक्सस को तोड़ने के लिए पुलिस की एक टीम अनूपपुर (मध्यप्रदेश) के लिए रवाना हो गई है, ताकि मुख्य आपूर्तिकर्ताओं तक पहुंचा जा सके।

इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी लैलूंगा उपनिरीक्षक गिरधारी साव, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार, प्रधान आरक्षक देव कुमार राठिया, नंदू पैकरा तथा आरक्षक शशि भूषण साहू, शशि भूषण उरांव, राजू तिग्गा, चमार साय भगत एवं विनोद कुजूर की सराहनीय भूमिका रही।

रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव 

ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply

Exit mobile version