उत्तर बस्तर कांकेर जिले में राम दरबार सिक्का खरीदने के नाम पर ₹30,000 की ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक (SP) श्री निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) श्री योगेश साहू व एएसपी साइबर नोडल अधिकारी श्री दिनेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (SDOP) कांकेर श्री मोहसिन खान के पर्यवेक्षण में सिटी कोतवाली कांकेर पुलिस द्वारा की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कामतेड़ा निवासी प्रार्थी राजुराम कुमेटी ने लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि अविनाश तिवारी नामक व्यक्ति ने उसे राम दरबार सिक्के को विदेश में ऊंचे दामों पर बेचकर भारी मुनाफा कमाने का लालच दिया और उससे ₹30,000 ठग लिए। शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी सोहन साहू उर्फ अविनाश तिवारी सहित उसके तीन अन्य साथियों गन्नु राम नेताम, तामेश्वर सिंह नाग और जितेन्द्र शार्दुल को हिरासत में लिया, जिन्होंने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोबाइल, लैपटॉप, जाली पहचान पत्र (जिसमें रक्षा मंत्रालय का फर्जी परिचय पत्र व फर्जी नागरिक पहचान पत्र शामिल हैं), ऐश्वर्या कदम के नाम के जाली दस्तावेज, तांबे के राम दरबार व बजरंगबली के सिक्के, एक कार और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुरेन्द्र मानिकपुरी, उपनिरीक्षक मनोरथ जोशी, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक यशवंत श्याम, प्रधान आरक्षक गीतेश्वर कुलदीप, आरक्षक लक्ष्मण भास्कर और संतोष मरकाम की विशेष व सराहनीय भूमिका रही। अंत में, कांकेर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे ऐसे अत्यधिक मुनाफे या दुर्लभ सिक्कों के झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस के हेल्पलाइन नंबर पर दें।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़

