डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया

शहपुरा। जनपद पंचायत शहपुरा अंतर्गत ग्राम पंचायत मरवारी में सरपंच की लगातार ग्रामसभा से अनुपस्थिति को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई है। ग्रामीणों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) शहपुरा एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत शहपुरा को शिकायत सौंपकर सरपंच पर ग्रामसभा की बैठकों में लगातार अनुपस्थित रहने, विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न करने तथा मजदूरों का भुगतान लंबित रखने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

शिकायत के अनुसार 1 अगस्त 2026 को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत ग्रामसभा की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी, लेकिन सरपंच बैठक में उपस्थित नहीं हुए। ग्रामीणों का आरोप है कि यह पहली बार नहीं है, बल्कि लगातार अनुपस्थिति के कारण पंचायत के कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव लंबित पड़े हुए हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि सरपंच की अनुपस्थिति से लघु पशुपालन, जल संरक्षण, कंटूर ट्रेंच, आवश्यक निर्माण कार्य तथा आजीविका मिशन से जुड़ी योजनाओं को मंजूरी नहीं मिल पा रही है। इससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर नहीं मिल रहा है।

शिकायत में ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सरपंच के विरुद्ध आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जाए। साथ ही ग्रामसभा की बैठकों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने तथा लंबित विकास कार्यों को तकनीकी स्वीकृति (टीएस) एवं प्रशासनिक स्वीकृति (एएस) दिलाने के लिए किसी नोडल अधिकारी की नियुक्ति की जाए।

इसी शिकायत में मजदूरों ने आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत में करीब एक माह पूर्व शुरू हुआ सीसी रोड निर्माण कार्य बीच में ही रुक गया है। निर्माण कार्य अधूरा होने के साथ ही इसमें कार्य करने वाले मजदूरों को अब तक मजदूरी का भुगतान भी नहीं किया गया है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों और मजदूरों ने प्रशासन से मांग की है कि लंबित मजदूरी का शीघ्र भुगतान कराया जाए तथा रुके हुए सीसी रोड निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराया जाए।
हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों पर सरपंच का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है। प्रशासनिक जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।

Comments are closed.

Exit mobile version