डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
डिंडोरी/शहपुरा।
जिले के शहपुरा में रंगपंचमी के अवसर पर होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें पारंपरिक फाग गायन की धूम रही। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक ओमप्रकाश धुर्वे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी, पत्रकार और नगरवासी शामिल हुए। सभी ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली एवं रंगपंचमी की शुभकामनाएं दीं और उत्सव का आनंद लिया।
इस अवसर पर आयोजित विधायक होली फाग गायन प्रतियोगिता में विधानसभा क्षेत्र की 36 टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागी टीमों को प्रोत्साहन स्वरूप 1,000 रुपये की सांत्वना राशि प्रदान की गई।
प्रतियोगिता में निघोरी भानपुर (अमरपुर) की टीम ने उत्कृष्ट प्रस्तुति देते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जिन्हें 11,000 रुपये की परितोषिक राशि से सम्मानित किया गया।
द्वितीय स्थान श्री रामजानकी मंदिर शहपुरा सूर्या के दल को मिला, जिन्हें 5,100 रुपये का पुरस्कार दिया गया।
वहीं तृतीय स्थान कठोतिया (मेहंदवानी) के रामस्वरूप जी के दल ने प्राप्त किया, जिन्हें 2,100 रुपये की परितोषिक राशि प्रदान की गई।
कार्यक्रम में कलाकारों ने ढोलक, मंजीरा और झांझ की मधुर धुनों पर पारंपरिक फाग गीत प्रस्तुत कर माहौल को पूरी तरह उत्सवमय बना दिया। फाग गायन की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और देर तक तालियों की गूंज सुनाई देती रही।
इस दौरान विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने सभी को होली एवं रंगपंचमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम हमारी समृद्ध परंपराओं को जीवित रखते हैं तथा समाज में भाईचारे और सौहार्द को मजबूत बनाते हैं।
