
मैहर मध्य प्रदेश
मैहर, 1 अगस्त 2026। मैहर जिले की सांस्कृतिक धरोहर और मैहर घराने की समृद्ध संगीत परंपरा के संरक्षण एवं संवर्धन तथा युवा पीढ़ी को शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा नवाचार किया जा रहा है।इस कड़ी में 1 अगस्त को शासकीय संगीत महाविद्यालय, मैहर में शनिवार सायं 7 बजे “मैहर मल्हार संगीत सभा” का भव्य शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम का उद्देश्य नवोदित कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना तथा मैहर घराने की सांगीतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। इस अवसर पर कलाकारों ने शास्त्रीय गायन, तबला जुगलबंदी, कथक समूह नृत्य एवं अन्य प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मैहर विधायक श्री कांत चतुर्वेदी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। विशिष्ट अतिथियों में राजमाता श्रीमती कवितेश्वरी देवी, कलेक्टर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी, पुलिस अधीक्षक श्री अवधेश प्रताप सिंह, जिला अध्यक्ष श्री कमलेश सुहाने सहित विश्वनाथ चौरसिया, सत्यभान पटेल, राज ललन मिश्रा, उत्तम पांडेय, नगर के गणमान्य नागरिक एवं जिले के अधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर चयनित कलाकारों ने विभिन्न विधाओं में प्रस्तुति दी। शास्त्रीय गायन में श्री सुशोभित गौतम ने अपनी प्रस्तुति दी, जिनके साथ तबले पर श्री अनुराग श्रीवास्तव, हारमोनियम पर श्री गौतम भारतीय तथा सारंगी पर श्री मोहम्मद अहमद खान ने संगत की।
तबला जुगलबंदी की आकर्षक प्रस्तुति सुश्री सोनाली रैदास एवं श्री उदय सूर्यवंशी ने दी।
कथक समूह नृत्य में सुश्री नंदनी अग्निहोत्री, सुश्री नंदनी पटेल, सुश्री संस्कृति चौरसिया, सुश्री श्रेया नागर एवं सुश्री सौम्या रजक ने मनमोहक प्रस्तुति दी। इस प्रस्तुति का निर्देशन डॉ. सपना नामदेव ने किया।
कार्यक्रम में अतिथि कलाकार के रूप में श्री देवांश मिश्रा एवं श्रीमती कल्पना मिश्रा ने शास्त्रीय गायन प्रस्तुत किया। उनके साथ तबले पर श्री अनुराग श्रीवास्तव तथा हारमोनियम पर श्री सुनील प्रजापति ने संगत की।कलेक्टर मैहर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी ने बताया कि प्रत्येक माह की पहली तारीख को मैहर में शाम 7 बजे से मैहर मल्हार का कार्यक्रम किया जाएगा ।
कार्यक्रम का पहला आयोजन शासकीय संगीत महाविद्यालय, मैहर में किया गया।। संगीत प्रेमियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे मैहर घराने की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
रिपोर्टर आशीष चतुर्वेदी

