90 प्लस परीक्षा परिणाम का असर

10वीं-12वीं बोर्ड में जिले के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन

जिले के मेधावी विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर जिले को किया गौरवान्वित

कलेक्टर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन पर बच्चों को किया सम्मानित

मुंगेली, 30 अप्रैल 2026// छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में मुंगेली जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। जिले के मेधावी विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जिले को गौरवान्वित किया है। कक्षा 10वीं के परिणाम में लोरमी के छात्र अंशुल शर्मा ने 99 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में सर्वाेच्च स्थान हासिल किया। वहीं जिला मुख्यालय के विवेकानंद वार्ड की छात्रा नंदिता देवांगन ने 98.83 प्रतिशत, चकरभाठा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की कुमारी हेमा ने 97.83 प्रतिशत और लोरमी के चैतूराम साहू ने कक्षा 12वीं में 96.80 प्रतिशत अंक अर्जित कर जिले का मान बढ़ाया।
जिला कलेक्टोरेट में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार एवं जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पांडेय ने इन सफल विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर बधाई दी और सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अधिकारियों ने विद्यार्थियों के परिश्रम, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए इसे जिले के लिए गर्व का क्षण बताया। कलेक्टर ने कहा कि इस वर्ष मुंगेली जिले के विद्यार्थियों ने प्रदेश के टॉप-10 में स्थान बनाकर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उन्होंनेे इस सफलता का श्रेय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा संचालित “90 प्लस शिक्षा गुणवत्ता अभियान” को देते हुए कहा कि जिले के 74 स्कूलों को चिन्हित कर विशेष रूप से मोटिवेशन और गुणवत्ता सुधार पर कार्य किया गया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि शिक्षकों की मेहनत, विद्यार्थियों की लगन और अभिभावकों के सहयोग का संयुक्त परिणाम है। उन्होंने कहा कि सफल विद्यार्थी आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत बनेंगे और “प्रेरणा से परिवर्तन” की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। भविष्य में शिक्षा में तकनीकी नवाचारों को जोड़ते हुए विद्यार्थियों को आधुनिक संसाधनों से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि वे डॉक्टर, इंजीनियर और वैज्ञानिक जैसे क्षेत्रों में अपनी पहचान बना सकें।
कलेक्टर ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान के अंतर्गत “90 प्लस परीक्षा परिणाम कार्यक्रम” चलाया गया, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। जिले के मेधावी विद्यार्थी अपने परिजनों के साथ जिला कलेक्टोरेट पहुंचे और अपनी सफलता साझा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि पहले मुंगेली जिले को शिक्षा के क्षेत्र में पिछड़ा माना जाता था, लेकिन अब विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के प्रयासों से यह धारणा बदल रही है। उन्होंने बताया कि शिक्षकों की नियमित समीक्षा, एबीसीडी ग्रेडिंग, इंटरनल वेरिफिकेशन और युक्तियुक्तकरण के तहत शिक्षकों की प्रभावी तैनाती जैसे कदमों से शिक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया, जिसका परिणाम आज सभी के सामने है। इस अवसर पर विद्यार्थियों के अभिभावक भी उपस्थित रहे और उन्होंने जिले में शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक बदलावों के लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

राज शेखर यादव
ब्यूरो चीफ पुलिसवाला मुंगेली

Comments are closed.