जन्माष्टमी पर्व के मद्देनजर अभियान की तिथि में किया गया परिवर्तन
बिलहरी क्लस्टर की 10 पंचायतों के नागरिकों की समस्याओं का होगा निराकरण
कटनी (02 सितंबर) – मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत शुक्रवार, 4 सितंबर को आयोजित होने वाला शिविर /अब 11 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। जन्माष्टमी पर्व के कारण अभियान की तिथि में परिवर्तन किया गया है। अभियान के तहत कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर जिले में प्रत्येक शुक्रवार को शिविर आयोजित कर नागरिकों की समस्याओं का मौके पर निराकरण तथा पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्यवाही की जा रही है।
अभियान के तहत बहोरीबंद विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बिलहरी क्लस्टर की 10 ग्राम पंचायतों के लिए ग्राम पंचायत भवन बिलहरी में शुक्रवार 11 सितंबर को शिविर आयोजित होगा। शिविर में बिलहरी, कुम्हरवारा, बरियारपुर, धनोरा, बिरुहली, निटर्रा, तिलगांव, पोड़ी, बांधा एवं इमलाज पंचायतों के नागरिक शामिल होकर अपनी समस्याएं एवं आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।
शिविर में सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम से संबंधित लंबित प्रकरणों के निराकरण के साथ विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने की कार्यवाही की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को शिविर के दौरान अधिकतम प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जन-विश्वास अभियान के तहत अब तक चार सप्ताह के शिविर सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं। 11 सितंबर के आयोजन के बाद अभियान पूर्व निर्धारित व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक शुक्रवार को निरंतर संचालित होगा।
पुलिस वाला न्यूज़ कटनी से पारस गुप्ता की रिपोर्ट

