डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया

शहपुरा। भारतीय जनता पार्टी मंडल मानिकपुर की मासिक बैठक शुक्रवार को आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा शक्ति केंद्र एवं बूथ सत्यापन अभियान की समीक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में शहपुरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक ओमप्रकाश धुर्वे उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ स्तर तक फैला सशक्त संगठन है। संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक बूथ एवं शक्ति केंद्र को सक्रिय, संगठित और प्रभावी बनाना आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क बढ़ाने तथा संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

बैठक के दौरान मंडल क्षेत्र के शक्ति केंद्रों एवं बूथों के सत्यापन कार्य की समीक्षा की गई तथा कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों एवं अभियानों की रूपरेखा पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित बैठक में पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण के निर्माण में योगदान देने की अपील की गई।

बैठक में मंडल महामंत्री राजेंद्र तिवारी सहित भाजपा मंडल के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।

Comments are closed.

Exit mobile version