गरियाबंद। महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को व्यापक बनाने और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी प्रभावी भूमिका सुनिश्चित करने की दिशा में महिला आरक्षण को महत्वपूर्ण पहल बताते हुए भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष श्रीमती बिंदु सिन्हा ने केंद्र सरकार के प्रयासों का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को केवल विकास की योजनाओं का लाभार्थी बनाने तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि उन्हें नीति निर्धारण, निर्णय प्रक्रिया और नेतृत्व की मुख्यधारा में भी समान अवसर मिलना चाहिए।

श्रीमती सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए नारी शक्ति वंदन अधिनियम लाया जाना महिलाओं के राजनीतिक अधिकारों और प्रतिनिधित्व को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। लोकसभा एवं विधानसभा में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान देश की आधी आबादी को लोकतांत्रिक व्यवस्था में अधिक प्रभावी भागीदारी का अवसर प्रदान करने की दिशा में अहम पहल है।

उन्होंने कहा कि आज भारतीय महिलाएं शिक्षा, विज्ञान, प्रशासन, खेल, उद्योग, सुरक्षा और सामाजिक नेतृत्व सहित प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा एवं सामर्थ्य का परिचय दे रही हैं। ऐसे में राजनीतिक क्षेत्र में भी उनकी भागीदारी बढ़ना समय की आवश्यकता है। महिला आरक्षण से नई पीढ़ी की महिलाओं को नेतृत्व संभालने, अपने विचार रखने और समाज एवं राष्ट्र के विकास में निर्णायक भूमिका निभाने की प्रेरणा मिलेगी।

बिंदु सिन्हा ने कहा कि महिला सशक्तिकरण का वास्तविक अर्थ महिलाओं को सम्मान, अधिकार, अवसर और निर्णय लेने की स्वतंत्रता प्रदान करना है। जब महिलाएं नीति निर्माण की प्रक्रिया में सहभागी बनेंगी, तब समाज की जमीनी आवश्यकताओं और महिलाओं से जुड़े विषयों को भी अधिक प्रभावी ढंग से प्रतिनिधित्व मिल सकेगा।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि महिला आरक्षण के प्रभावी क्रियान्वयन से देश की राजनीति में नई नेतृत्वकारी पीढ़ी तैयार होगी और महिलाओं की भागीदारी लोकतंत्र को अधिक समावेशी एवं प्रतिनिधिमूलक बनाने में योगदान देगी।

नेहरू साहू ब्यूरो चीफ गरियाबंद

Leave A Reply

Exit mobile version