इन्द्रावती नदी के पास जंगल में जमीन के अंदर स्टील के डिब्बे में छिपाकर रखे थे 33 सोने के बिस्किट, DRG, भैरमगढ़ पुलिस और BDS टीम की संयुक्त कार्रवाई।
बीजापुर पुलिस अधीक्षक श्री उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) श्री रविन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में DRG, थाना भैरमगढ़ एवं BDS टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इन्द्रावती नदी के आसपास जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखे माओवादी डम्प से 3.84 किलोग्राम सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस को 27 नवंबर 2026 को थाना भैरमगढ़ क्षेत्र में इन्द्रावती नदी के आसपास जंगल में जमीन के अंदर माओवादी डम्प छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद संयुक्त टीम ने थाना भैरमगढ़ से करीब 8 से 10 किलोमीटर दूर चिन्हित स्थान पर सर्चिंग अभियान चलाया। BDS टीम द्वारा डिमाइनिंग और तलाशी के दौरान जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया एक स्टील का डिब्बा बरामद किया गया।
डिब्बे की तलाशी लेने पर 10-10 तोले के कुल 33 सोने के बिस्किट मिले, जिनका कुल वजन 330 तोला (3.84 किलोग्राम) और अनुमानित कीमत 4 करोड़ 29 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा टेप से लिपटे पैकेट में 500-500 रुपये के नोटों के रूप में कुल 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए गए।
बरामद सोने और नकदी के संबंध में थाना भैरमगढ़ में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार DRG, STF, CoBRA और CRPF के संयुक्त प्रयासों से बीजापुर जिले में अलग-अलग स्थानों से अब तक माओवादी डम्प से कुल 8 करोड़ 24 लाख 33 हजार 300 रुपये नकद और 12.34 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका है।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

