सतना मध्य प्रदेश

सतना 16 नवम्बर 2026/स्मार्ट सिटी सतना के अंतर्गत उतैली में निर्मित मल्टी स्पोर्टस काम्पलेक्स के संचालन के लिए कलेक्टर की अध्यक्षता में सतना स्मार्ट सिटी स्पोर्टस क्लब बनाने की योजना को मूर्तरूप दिया जा रहा है। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस की अध्यक्षता में सोमवार को सम्पन्न बैठक में आयुक्त नगर निगम डॉ. नागार्जुन बी. गौडा ने स्मार्ट सिटी द्वारा निर्मित मल्टी स्पोर्टस काम्पलेक्स के विधिवत संचालन, संधारण के लिए पीपीपी मोड पर प्रस्ताव रखा। उन्होंने बताया कि क्लब में पुलिस अधीक्षक उपाध्यक्ष और नगर निगम के आयुक्त सदस्य-सचिव रहेंगे। क्लब में जनप्रतिनिधियों को सम्मानित आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया जायेगा। इसी प्रकार सहयोगी इच्छुक नागरिक, खिलाडी एवं अधिकारी भी इस क्लब के सदस्य बन सकेंगे।
सोमवार को रोड सेफ्टी और हिट एण्ड रन, अत्याचार निवारण की जिला समिति की बैठक भी आयोजित हुई। जिसमें बताया गया कि वर्ष 2023-24 तक के सभी हिट एण्ड रन के प्रकरण निराकृत कर लिये गये है। रोड सेफ्टी की बैठक में बताया गया कि सडक सुरक्षा के प्रति जागरूकता के कार्यक्रम किये जा रहे है और वाहनों की जांच भी की जा रही है। खनिज अधिकारी ने बताया कि सतना-बेला रोड पर स्थित टोल प्लाजा के संचालक द्वारा अवैध परिवहन के ट्रक, डम्फर, हाइवा आकस्मिक निरीक्षण के दौरान जप्त कर रामपुर बघेलान थाने लाये जाने पर जप्त वाहनों से भी टोल लिया जाता है। पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह ने ऐसी स्थिति में थाना प्रभारी के संज्ञान में लाकर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये।

प्रशांत त्रिपाठी सतना ब्यूरो

Leave A Reply

Exit mobile version