8 एवं 9 अक्टूबर को भी मतदान केन्द्रों पर लगेंगे विशेष शिविर
सतना 07 अक्टूबर 2026/भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सतना जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों चित्रकूट, रैगांव, सतना, नागौद एवं रामपुर बघेलान के सभी 1522 मतदान केन्द्रों पर मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र मतदाताओं, नवीन मतदाताओं तथा 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं के नाम जोड़ने के लिए शिविर का आयोजन प्रारंभ किया गया है। शिविर के प्रथम दिवस बुधवार को विशेष शिविर में बीएलओं द्वारा नवीन मतदाताओ के नाम तथा छूटे हुए मतदाताओ के नाम मतदाता सूची मे जोडने की कार्यवाही की गई। उन्होंने सूची का परीक्षण कर छूटे हुए पात्र मतदाताओ की पहचान कर मतदाता सूची में नाम जोडने की कार्यवाही सुनिश्चित की। आगामी 8 व 9 अक्टूबर को भी मतदान केन्दों में विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। मतदान केन्द्र स्तर पर आयोजित इन शिविरों में बीएलओ द्वारा पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।
चित्रकूट में आयोजित होगा ‘श्रीरामलीला उत्सव’
सुविख्यात लीला मंडलियां मंच पर जीवंत करेंगी श्रीराम के आदर्श
सतना 07 अक्टूबर 2026/भारत की सांस्कृतिक परंपरा में भगवान श्रीराम के जीवन-चरित्र और उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने की सुदीर्घ एवं समृद्ध परंपरा रही है। श्रीराम के जीवन के विविध प्रसंगों यथा जन्म, बाल लीलाओं, वनगमन, सीता हरण, हनुमान भक्ति, लंका विजय और अयोध्या वापसी को अभिनय, संवाद, संगीत, गायन एवं आकर्षक वेशभूषा के माध्यम से मंच पर जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाता रहा है। लोकजीवन में विकसित इस अनूठी नाट्य परंपरा को ‘श्रीरामलीला’ के नाम से जाना जाता है। मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला सुप्रतिष्ठित ‘अंतर्राष्ट्रीय श्रीरामलीला उत्सव’ 13 से 19 अक्टूबर, 2026 तक राघव प्रयाग घाट, चित्रकूट में भी किया जा रहा है।
चित्रकूट में सात दिनों में जीवंत होंगे श्रीरामकथा के विविध प्रसंग
जैसा कि विदित है कि श्रीराम ने अपने वन गमन के दौरान का अधिकांश समय चित्रकूट में व्यतीत किया और उनसे संबंधित अनेक पवित्र स्थल यहां हैं। 13 से 19 अक्टूबर, 2026 तक राघव प्रयाग घाट, चित्रकूट में ‘अंतर्राष्ट्रीय श्रीरामलीला उत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है। विशाला सांस्कृतिक एवं लोकहित समिति, उज्जैन के कलाकार छह दिनों तक श्रीरामकथा के विविध प्रसंगों की प्रस्तुति यहां देंगे। 13 अक्टूबर को उत्सव शुभारंभ श्रीराम जन्म एवं बाल लीला प्रसंग से होगा। इसमें श्रीराम जन्म, विश्वामित्र का आगमन, ताड़का वध और अहल्या उद्धार जैसे प्रसंग प्रस्तुत किए जाएंगे। 14 अक्टूबर को पूर्वरंग में विभूति श्रीनिवास राजू चण्डू यक्षगान बुंधम, आंध्रप्रदेश द्वारा यक्षगान शैली में महर्षि विश्वामित्र के यज्ञ की रक्षा, सीता स्वयंवर, श्रीराम वनवास एवं श्रीराम-रावण युद्ध की प्रस्तुति होगी। इसके बाद मुख्य लीला में सीता स्वयंवर से जुड़े प्रसंगों के साथ मिथिला नगरी का भव्य डिजिटल स्वरूप, शिव धनुष, सीता स्वयंवर एवं चारों भ्राताओं का विवाह प्रसंग दर्शाया जाएगा। 15 अक्टूबर को पूर्वरंग में श्रीरामलीला दल, थाईलैंड द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी। इसके बाद मुख्य लीला में वनगमन एवं वन-जीवन से जुड़े प्रसंगों में कैकेयी के वरदान, राम, सीता, लक्ष्मण का वनगमन, केवट प्रसंग, भरत मिलाप और खर-दूषण वध को प्रस्तुत किया जाएगा। 16 अक्टूबर को पूर्वरंग में चण्डूला कृष्णैया बुंदम, तेलंगाना द्वारा चण्डू भागवतम में सीताहरण, श्रीराम सुग्रीव मिलन, सुग्रीव-हनुमान संवाद, लंका दहन के प्रसंग प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके बाद सीता हरण एवं श्रीराम की खोज के प्रसंग मंचित होंगे, जिसमें मारीच का छल, सीता हरण, जटायु युद्ध, श्रीराम का विलाप, श्रीराम-हनुमान मिलाप, श्रीराम-सुग्रीव मित्रता के प्रसंग होंगे। 17 अक्टूबर को हनुमान के लंका प्रवेश से जुड़े प्रसंगों में बाली वध, सुग्रीव राज्याभिषेक, हनुमानजी की शक्ति स्मरण, लंका में प्रवेश, माता सीता-हनुमान संवाद और लंका दहन को प्रस्तुत किया जाएगा। 18 अक्टूबर को रामसेतु निर्माण, समुद्र संवाद, रामसेतु निर्माण, विभीषण शरणागति, कुंभकर्ण वध और लक्ष्मण मूर्छा जैसे प्रसंगों का मंचन होगा। श्रीरामलीला उत्सव के समापन अवसर पर 19 अक्टूबर को पद्मश्री गेनादी पेचनीकोव स्मृति दिशा रामलीला, मास्को, रूस के कलाकारों द्वारा सीता स्वंयवर, श्रीराम का अयोध्या में स्वागत, सीता हरण, लंका में सीता, श्रीराम-रावण युद्ध की प्रस्तुति होगी। इसके बाद समापन रावण वध एवं श्रीराम राज्याभिषेक के साथ किया जाएगा। इसमें श्रीराम-रावण युद्ध, रावण वध, विभीषण का राज्याभिषेक, श्रीराम राज्याभिषेक और श्रीरामराज्य के प्रसंग प्रमुख रहेंगे।
सतना मध्य प्रदेश
वरिष्ठजनों के लिए 10 अक्टूबर को संवेदनशीलता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम
सतना 07 अक्टूबर 2026/अटल वयो अभ्युदय योजना एवं सेवा मेरा अभियान (सेवा संकल्प अभियान 2026) के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत जिले के विभिन्न वृद्धाश्रमों में वरिष्ठजनों के लिए Sensitization and Awareness संवेदनशीलता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम 10 अक्टूबर 2026 को प्रातः 9 बजे से आयोजित होगा। कार्यक्रम में आयुष विभाग के विशेषज्ञों एवं आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारियों द्वारा वरिष्ठजनों को प्राथमिक उपचार, आपातकालीन स्थिति में आवश्यक सावधानियां, पोषण, स्वास्थ्य परीक्षण, सामान्य रोगों से बचाव, स्वस्थ जीवनशैली एवं योगाभ्यास सहित विभिन्न विषयों पर व्यवहारिक जानकारी दी जाएगी। साथ ही आवश्यक विषयों का प्रदर्शन भी किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रमोदवन वृद्धाश्रम चित्रकूट, डॉ. लालता प्रसाद खरे पब्लिक चौरिटेबल ट्रस्ट वृद्धाश्रम चन्द्राश्रय नीमी-सकरिया, दुर्गा वृद्ध सेवा समिति वृद्धाश्रम सरभंगा, मॉडल शिक्षा समिति वृद्धाश्रम सोनौरा, प्रभा श्री जन कल्याण समिति वृद्धाश्रम श्यामनगर तथा प्रशासक श्री शारदा प्रबंधक वृद्धाश्रम मैहर सहित अन्य वृद्धाश्रमों में आयोजित किया जाएगा। जिला आयुष अधिकारी डॉ. नरेन्द्र कुमार पटेल ने संबंधित अधिकारियों एवं ड्यूटी पर तैनात आयुष चिकित्सकों को कार्यक्रम के प्रभावी आयोजन के निर्देश दिए हैं।
चित्रकूट के समग्र विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आज
सतना 07 अक्टूबर 2026/रीवा संभाग के कमिश्नर श्री शीलेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में चित्रकूट के समग्र विकास कार्यों की समीक्षा बैठक 8 अक्टूबर 2026 को सायं 4 बजे चित्रकूट नगर परिषद के मीटिंग हॉल में आयोजित की जायेगी।। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने बैठक में सभी संबंधित विभागों के विभाग प्रमुखों को अपने-अपने विभाग से संबंधित विकास कार्यों की अद्यतन जानकारी के साथ निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं
प्रशांत त्रिपाठी सतना ब्यूरो







