डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
शहपुरा (डिंडौरी)। शासन की महत्वाकांक्षी जनपद पंचायत भवन निर्माण योजना के तहत शहपुरा को नए जनपद पंचायत भवन की सौगात तो मिल गई, लेकिन स्वीकृति, बजट और विधिवत भूमि पूजन होने के बावजूद निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हो सका है। महीनों से निर्माण स्थल पर कोई गतिविधि दिखाई नहीं देने से परियोजना सवालों के घेरे में है और क्षेत्रवासी प्रशासन से जवाब मांग रहे हैं।
जानकारी के अनुसार नए जनपद पंचायत भवन के निर्माण के लिए प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद भूमि पूजन कार्यक्रम भी संपन्न कराया गया था। इसके बाद उम्मीद थी कि शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ होगा, लेकिन लंबे समय बीत जाने के बावजूद न तो निर्माण एजेंसी ने कार्य शुरू किया और न ही संबंधित विभाग ने देरी के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी किया है।
निर्माण स्थल को लेकर बना असमंजस, बढ़ीं चर्चाएं
सूत्रों के अनुसार प्रस्तावित निर्माण स्थल को लेकर विभिन्न स्तरों पर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। हालांकि इस संबंध में संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। ऐसे में क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं और परियोजना की प्रगति पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
लोगों का कहना है कि यदि भूमि चयन या अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी नहीं हुई थीं, तो भूमि पूजन किस आधार पर कराया गया। वहीं यदि सभी प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी थीं, तो निर्माण कार्य शुरू होने में आखिर इतनी देरी क्यों हो रही है।
दूसरी जनपदों में निर्माण जारी, शहपुरा अब भी इंतजार में
गौरतलब है कि डिंडौरी जिले की अन्य जनपद पंचायतों में नए भवनों का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और कई स्थानों पर तेजी से प्रगति पर है। ऐसे में केवल शहपुरा जनपद पंचायत भवन का निर्माण लंबित रहना स्थानीय लोगों के बीच असंतोष का कारण बन रहा है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि जब जिले के अन्य जनपदों में निर्माण कार्य गति पकड़ चुका है, तो शहपुरा में लगातार हो रही देरी का कारण सार्वजनिक किया जाना चाहिए।
वर्तमान भवन में जगह की कमी, जनता को हो रही परेशानी
स्थानीय नागरिकों के अनुसार वर्तमान जनपद पंचायत भवन में जगह और मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, जिससे अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों को कई प्रकार की असुविधाओं का सामना करना पड़ता है। नया भवन बनने से कार्यालय की कार्यप्रणाली अधिक व्यवस्थित होगी, विभिन्न विभागों के संचालन में सुविधा मिलेगी और ग्रामीणों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ भी आसानी से उपलब्ध हो सकेगा।
प्रशासन से पारदर्शिता और शीघ्र निर्माण शुरू कराने की मांग
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन, जनपद पंचायत और संबंधित निर्माण एजेंसी से परियोजना की वर्तमान स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि किसी प्रकार की तकनीकी, प्रशासनिक अथवा भूमि संबंधी बाधा है, तो उसे सार्वजनिक कर शीघ्र दूर किया जाए। वहीं यदि कोई बाधा नहीं है, तो निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ कर परियोजना को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए, ताकि लंबे समय से प्रतीक्षित नए जनपद पंचायत भवन का लाभ क्षेत्र की जनता को मिल सके।

