डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
भीषण गर्मी से पहले जल संकट पर सियासत तेज, युवा कांग्रेस ने नगर पालिका को सौंपा ज्ञापन
*शहपुरा।*
नगर में बढ़ते जल संकट को लेकर अब राजनीतिक सक्रियता भी तेज होती नजर आ रही है। गुरुवार को युवा कांग्रेस ने जिला अध्यक्ष अमन पाठक के नेतृत्व में मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जल व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि इस वर्ष गर्मी का असर समय से पहले ही दिखाई देने लगा है, जिससे नगरवासियों के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले हजारों लोगों को भी पानी की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। शहपुरा नगर में रोजाना बड़ी संख्या में लोग बाजार और शासकीय कार्यों के लिए आते-जाते हैं, ऐसे में पेयजल व्यवस्था सुचारू रखना बेहद आवश्यक है।
युवा कांग्रेस ने अपनी मांगों में स्पष्ट किया कि नगर के सभी वार्डों में जहां भी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त या जर्जर अवस्था में है, उसकी तत्काल मरम्मत कराई जाए। इसके साथ ही आगामी गर्मी को देखते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली और टैंकर जैसे वैकल्पिक जल संसाधनों की समय रहते व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि फिल्टर प्लांट में पर्याप्त मात्रा में फिटकरी उपलब्ध हो, मोटर पंपों का नियमित मेंटेनेंस किया जाए तथा अतिरिक्त मोटरों की भी व्यवस्था रखी जाए, ताकि आपात स्थिति में जलापूर्ति बाधित न हो।
इसके अलावा नगरवासियों, राहगीरों एवं बाजार आने वाले लोगों की सुविधा के लिए प्रमुख स्थानों पर सार्वजनिक प्याऊ और नलों की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया। नल-जल योजना के तहत नई पाइपलाइन का विस्तार कार्य पूर्ण होने के बाद अब दिन में दो बार नियमित जलप्रदाय शुरू करने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने ज्ञापन प्राप्त कर सभी समस्याओं के शीघ्र एवं प्राथमिकता के आधार पर निराकरण का आश्वासन दिया।
ज्ञापन सौंपने के दौरान दिलीप रजक, राजेंद्र गुप्ता, अमित कछवाहा, डॉ. खान, श्रीराम साहू, इकबाल खान, प्रभात झरिया, रमेश चंदेल, फरीद खान सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
