जनजातीय गौरव पखवाड़े का हुआ समापन, विद्यार्थियों ने नृत्य एवं नाटक की मनमोहक प्रस्तुतियों से बांधा समां
दमुआ। शासन के निर्देशानुसार शासकीय सांदीपनि विद्यालय दमुआ में जनजातीय गौरव पखवाड़े के अंतिम दिवस भगवान बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर भव्य समारोह एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष, त्याग और जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए उनके आदर्शों एवं विचारों पर प्रकाश डाला गया।
🖊️जनजातीय गौरव पखवाड़े के अंतर्गत विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को जनजातीय संस्कृति, परंपराओं, स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों के योगदान तथा उनके गौरवशाली इतिहास से परिचित कराया गया। पखवाड़े के समापन अवसर पर आयोजित समारोह में चयनित विद्यार्थियों ने आकर्षक नृत्य एवं नाटक की प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों और नागरिकों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों की उपस्थितजनों ने मुक्तकंठ से सराहना की तथा बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
🖊️कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती किरण खातरकर रहीं। समारोह में नगर के जनप्रतिनिधि, व्यापारी बंधु, वरिष्ठ पत्रकार बंधु संघ के अध्यक्ष मुकेश साहू जी, रमेश राही जी, शिव यादव जी,विद्यार्थियों के पालकगण, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्टाफ सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को बच्चों के सर्वांगीण विकास और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण बताया।
🖊️कार्यक्रम के सफल आयोजन में कार्यक्रम प्रभारी श्री अवधेश नामदेव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मंच संचालन अभिजीत कुमार मोहबे द्वारा प्रभावशाली ढंग से किया गया। अंत में शाला प्रभारी श्री डी.आर. बेले ने कार्यक्रम में उपस्थित समस्त अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, पालकों, विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
🖊️इस प्रकार भगवान बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर आयोजित यह समारोह जनजातीय गौरव, संस्कृति, परंपरा और विद्यार्थियों की प्रतिभा को समर्पित रहा। कार्यक्रम ने बच्चों में अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना जागृत करने का संदेश दिया।
राष्ट्रीय समाचार पत्रिका पुलिस वाला असेंबली रिपोर्टर भगवानदास साहू

