एसपी राजेश व्यास के नेतृत्व में रातभर चली सघन कार्रवाई, 100 वारंट तामील, 400 से अधिक वाहनों की चेकिंग
एसपी व्यास स्वयं शहर के प्रमुख चौराहों पर रहे मौजूद, वाहन चेकिंग का किया निरीक्षण; 30 से अधिक वाहनों से मौके पर हटवाई ब्लैक फिल्म
108 वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई कर ₹43,500 समन शुल्क वसूला, 80 निगरानी बदमाशों की जांच, 73 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक जिला नीमच राजेश व्यास के कुशल नेतृत्व एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल के मार्गदर्शन में नीमच पुलिस द्वारा रात मे जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में एक साथ व्यापक स्तर पर विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान संचालित किया गया।
अभियान में जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों सहित भारी पुलिस बल ने सक्रिय भागीदारी करते हुए फरार आरोपियों एवं वारंटियों की धरपकड़, आदतन अपराधियों की निगरानी, अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने के उद्देश्य से सघन कार्रवाई की।
विशेष बात यह रही कि पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास स्वयं रात्रि में शहर के प्रमुख चौराहों एवं वाहन चेकिंग स्थलों पर उपस्थित रहे तथा पुलिस टीमों द्वारा की जा रही कार्रवाई का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। एसपी द्वारा चेकिंग व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों, ब्लैक फिल्म लगे वाहनों तथा संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कॉम्बिंग गश्त अभियान में प्रमुख उपलब्धियां
1. फरार आरोपियों एवं वारंटियों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई – कुल 100 वारंट तामील
लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों एवं वारंटियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमें गठित कर प्रभावी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 100 वारंट तामील कराए गए, जिनमें 36 स्थायी वारंट, 02 फरारी वारंट एवं 62 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। इनमें मादक पदार्थ तस्करी से संबंधित 04, शरीर संबंधी अपराधों के 14 तथा संपत्ति संबंधी अपराधों के 22 वारंट शामिल हैं।
2. यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्ती – 400 से अधिक वाहनों की जांच
जिले में 12 चिन्हित स्थानों पर विशेष वाहन चेकिंग पॉइंट स्थापित कर सघन जांच की गई। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास स्वयं शहर के प्रमुख चौराहों पर पहुंचकर चेकिंग व्यवस्था का निरीक्षण करते रहे।
इस दौरान 400 से अधिक वाहनों की जांच की गई तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 108 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई कर ₹43,500 समन शुल्क वसूला गया। विशेष रूप से 30 से अधिक ब्लैक फिल्म लगे वाहनों से मौके पर ही ब्लैक फिल्म हटवाई गई एवं नियमानुसार कार्रवाई की गई। शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध धारा 185 मोटरयान अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
3. 80 निगरानी बदमाशों एवं गुंडा-बदमाशों की सघन जांच
अपराधों की रोकथाम एवं आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के उद्देश्य से जिले के 80 सक्रिय निगरानी बदमाशों एवं गुंडा-बदमाशों की औचक चेकिंग की गई। इस दौरान उनके वर्तमान निवास, उपस्थिति एवं आजीविका के स्रोतों के संबंध में जानकारी प्राप्त कर आवश्यक निगरानी सुनिश्चित की गई।
4. होटल, लॉज एवं ढाबों की औचक जांच
संदिग्ध एवं असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिले के 54 होटल, लॉज एवं ढाबों की सघन जांच की गई। संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि अपने प्रतिष्ठानों में आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों एवं किसी भी असामान्य गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें तथा सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।
5. कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 73 व्यक्तियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा संभावित विवादों एवं आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के उद्देश्य से 73 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। इसके साथ ही सार्वजनिक एवं संवेदनशील स्थलों, एटीएम तथा अन्य प्रमुख स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक सतर्कता बरती गई। अभियान के दौरान 01 जिला बदर व्यक्ति की भी जांच की गई।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने स्पष्ट किया कि नीमच पुलिस जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। फरार आरोपियों, वारंटियों, आदतन अपराधियों, अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त एवं प्रभावी वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि रात्रि गश्त, वाहन चेकिंग, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी एवं संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, ताकि आम नागरिक निर्भीक एवं सुरक्षित वातावरण में रह सकें।
नीमच पुलिस द्वारा स्पष्ट संदेश दिया गया है कि अपराध एवं अवैध गतिविधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
जिला ब्यूरो ललित सिंह चुंडावत नीमच✍️

