नर्मदापुरम सांसद चौधरी दर्शन सिंह सहित अतिथियों ने किया व्यास पूजन, कथा स्थल पर मेला प्रदर्शनी के साथ स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

गोटेगांव/ में  मणि नागेंद्र सिंह फाउंडेशन एवं पटेल परिवार के तत्वावधान में आयोजित संगीतमय श्रीमद्भागवत महापुराण सप्ताह ज्ञान यज्ञ में चतुर्थ दिवस श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कथा व्यास पं. विपिन बिहारी जी महाराज ने श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कार, पारिवारिक मर्यादा और भगवत भक्ति का महत्व बताते हुए कहा कि बेटियां ऐसा आचरण करें जिससे पिता का मान-सम्मान बढ़े और युवा गलत संगति तथा क्षणिक आकर्षण से दूर रहकर अपना मन भगवान की भक्ति में लगाएं।

 

महाराज श्री ने कहा कि जिस स्थान पर भगवान के नाम का स्मरण, भजन-कीर्तन और पूजन नहीं होता, वहां का वातावरण आध्यात्मिक दृष्टि से उचित नहीं माना जाता। जीवन में ऐसे संबंधों और मोह का कोई औचित्य नहीं है, जहां भगवान के चरणों के प्रति प्रेम और भक्ति का भाव न हो। उन्होंने विभीषण द्वारा रावण का साथ छोड़ने, भरत द्वारा माता कैकेयी के अनुचित निर्णय का विरोध करने और भक्त प्रह्लाद द्वारा पिता हिरण्यकश्यप के अधर्म के सामने भी अपनी भक्ति पर अडिग रहने के प्रसंगों के माध्यम से धर्म और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।

 

बेटियों को संस्कारों और पारिवारिक मर्यादाओं का महत्व समझाते हुए उन्होंने कहा कि बेटियां अपने आचरण से परिवार की प्रतिष्ठा बनाए रखें और ऐसा कोई कार्य न करें जिससे माता-पिता को समाज में अपमानित होना पड़े। वहीं युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि क्षणिक प्रेम, आकर्षण और गलत संगति के कारण अपने परिवार की प्रतिष्ठा को ठेस नहीं पहुंचानी चाहिए। व्यक्ति का मन यदि प्रभु की भक्ति में लगा रहता है तो वह गलत संगति और बुराइयों से स्वयं को बचा सकता है।

 

श्रीकृष्ण जन्म प्रसंग का किया भावपूर्ण वर्णन

 

कथा के दौरान पं. विपिन बिहारी जी महाराज ने भगवान के अवतार की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि जब-जब धरती पर धर्म की हानि और अधर्म का प्रकोप बढ़ता है, तब भगवान धर्म की स्थापना के लिए अवतार लेते हैं। इसी क्रम में उन्होंने कंस के अत्याचार, भगवान श्रीकृष्ण के अवतरण और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा श्रवण कर श्रद्धालु भक्ति भाव में सराबोर नजर आए।

 

सांसद दर्शन सिंह सहित अतिथियों ने किया व्यास पूजन

 

चतुर्थ दिवस की कथा में नर्मदापुरम सांसद चौधरी दर्शन सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष पं. रामस्नेही पाठक, सुबोध जैन जबलपुर सहित अन्य अतिथियों ने व्यासपीठ पर पहुंचकर पूजन-अर्चन किया। आयोजन की ओर से जालम सिंह पटेल एवं श्रीमती सुमनलता पटेल ने कथाव्यास पं. विपिन बिहारी जी महाराज का विधिवत व्यास पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

 

कथा स्थल पर मेला प्रदर्शनी और स्वास्थ्य शिविर

 

मणि नागेंद्र सिंह फाउंडेशन के सचिव इंजीनियर सरदार सिंह पटेल ने श्रद्धालुओं से कथा के शेष दिवसों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्मलाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि भागवत कथा से प्राप्त आध्यात्मिक ज्ञान और संस्कारों को जीवन में अपनाना ही आयोजन की वास्तविक सार्थकता है।

आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर पालिका, जनपद पंचायत, पुलिस प्रशासन, मध्यप्रदेश विद्युत मंडल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोटेगांव सहित विभिन्न विभागों द्वारा व्यवस्थाएं की गई हैं। कथा स्थल पर मेला प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की ओर से स्वास्थ्य शिविर लगाकर नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। कथा के दौरान आरती एवं कथा समापन के पश्चात ग्वाल मंडली द्वारा प्रस्तुत नृत्य ने भी श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

नरसिंहपुर से पुलिसवाला न्यूज़ से जिला ग्रामीण ब्यूरो चीफ पंडित अंकित शुक्ला कि रिपोर्ट

Leave A Reply

Exit mobile version