सतना जिले में अब तक 4169 प्रभावितों को 2 करोड 5 लाख 97 हजार रूपये से अधिक की सहायता स्वीकृत
चित्रकूट में स्वास्थ्य सुविधाओं सफाई और बिजली बहाली का काम जारी
सतना मध्य प्रदेश
जिले में अतिवृष्टि और बाढ़ से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए प्रशासन द्वारा युद्धस्तर पर राहत एवं जनसुविधाओं के पुनर्बहाली कार्य किए जा रहे हैं। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस के नेतृत्व में राजस्व विभाग सहित विभिन्न विभागों की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सर्वेक्षण और राहत कार्यों में जुटी हैं। जिले में 8 सितंबर 2026 तक 4169 प्रभावित परिवार के प्रकरणों में 2 करोड़ 5 लाख 97 हजार 400 रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत कर वितरित की जा रही है। चित्रकूट-मझगवां क्षेत्र में बाढ़ से अधिक प्रभावित परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर सहायता उपलब्ध कराई गई है। मझगवां-चित्रकूट क्षेत्र में 1676 प्रकरणों में 83 लाख 59 हजार रुपये की सहायता वितरित हुई है। इनमें पानी भरने से राशन, कपड़े और बर्तन आदि की क्षति के 1648 प्रकरणों में 82 लाख 40 हजार रुपये, जबकि 28 मकानों की आंशिक क्षति के लिए 1 लाख 19 हजार रुपये की सहायता शामिल है। जिले की अन्य तहसीलों में भी प्रभावितों को आर्थिक सहायता दी गई है। रामपुर बाघेलान में 440 प्रकरणों में 26 लाख 38 हजार रूपये स्वीकृत किये गये है। जिनमें दो जनहानि के प्रकरणों में 8 लाख रूपये की सहायता भी शामिल है। तहसील नागौद में 354 प्रकरणों में 15 लाख 25 हजार रूपये स्वीकृत किये गये है। जिनमें 1 जनहानि के प्रकरण में 4 लाख रूपये स्वीकृत किये गये है। तहसील कोठी में 458 प्रकरणों में 19 लाख 72 हजार रूपये की स्वीकृत की गई है। जिनमें 140 प्रकरण सामग्री क्षति के शामिल है। रघुराजनगर में 286 प्रकरणों में 18 लाख 86 हजार रूपये स्वीकृत किये गये हैं जिनमें जनहानि के 2 प्रकरण में 8 लाख रूपये स्वीकृत किये गये है। तहसील बिरसिंहपुर में 289 प्रकरणों में 13 लाख 29 हजार 200 रूपये, तहसील उचेहरा के 366 प्रकरणों में 13 लाख 16 हजार तथा कोटर तहसील में 300 प्रकरणों में 15 लाख 72 हजार 200 रुपये की सहायता स्वीकृत की गई है। राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के संसोधित प्रावधानों के अनुसार अब तक खाद्य, वस्त्र, सामग्री के नष्ट होने पर 2416 प्रकरणों में 1 करोड 20 लाख 80 हजार, आंशिक मकान क्षति पर 1779 प्रकरण में 65 लाख 17 हजार 400 रूपये, जनहानि के 8 प्रकरणों में 20 लाख रूपये सहित कुल 4169 प्रकरण में 2 करोड 5 लाख 97 हजार 400 रूपये की सहायता स्वीकृत की गई है।
प्रशांत त्रिपाठी ब्यूरो सतना

