बलौदाबाजार में सूने मकान से लाखों की चोरी का खुलासा, 9 आरोपी गिरफ्तार।
शिवा रेसिडेंसी कॉलोनी में ₹3.16 लाख के सोने-चांदी के जेवर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल।
बलौदाबाजार। पुलिस अधीक्षक श्री गौरव राय के निर्देशन में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने शहर के शिवा रेसिडेंसी कॉलोनी, सोनपुरी रोड में हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए कुल 9 आरोपियों को पकड़ा है। इनमें एक महिला, चार पुरुष और चार विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं।
प्रार्थी तुलसी चरण जायसवाल के मकान में 17 से 20 अक्टूबर 2026 के बीच अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर प्रवेश किया था। आरोपियों ने अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण और चांदी के सिक्के चोरी कर लिए थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत ₹3,16,000 बताई गई है।
मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के दर्जनों सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और लगातार पतासाजी के आधार पर गिरोह का पता लगाकर आरोपियों को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य कॉलोनियों में घूमकर सूने मकानों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही रात में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए 23 अक्टूबर को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घर की सुरक्षा का ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। इसके लिए दृष्टि हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

