परिसर में एक पेड़ मां के नाम किया गया पौधारोपण
कटनी
कटनी (21 जून) – बारहवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर इस वर्ष की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” को बढ़ावा देते हुए रविवार को प्रातः 6 बजे से जिले भर में सामूहिक योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। स्कूलों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं विभिन्न संस्थानों में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
जिला मुख्यालय पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, माधवनगर में किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार श्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी, कलेक्टर श्री आशीष तिवारी एवं पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा की उपस्थिति में विशेष योग सत्र आयोजित हुआ। कार्यक्रम में संयुक्त कलेक्टर जितेन्द्र पटेल, एसडीएम श्री प्रमोद चतुर्वेदी, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री दीपक टंडन सोनी, पर्यावरणविद् एवं मानव जीवन विकास समिति के सचिव निर्भय सिंह, डीईओ राजेश अग्रहरी , जिला आयुष अधिकारी आशीष रेजा, जिला श्रम अधिकारी केबी मिश्रा, जिला संयोजक आदिम जति विमल चौरसिया, जिला पंजीयक पंकज कोरी, सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास वनश्री कुर्वेती सहित बड़ी संख्या में नागरिकों, विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं के सदस्यों, शासकीय अधिकारी- कर्मचारियों और छात्र- छात्राओं ने योगाभ्यास किया।
योग को बनाये जीवन का हिस्सा: मंत्री श्री लोधी
कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री श्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने योग परंपरा को अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाई है। आज पूरा विश्व योग दिवस मना रहा है। योग हमारी प्राचीन संस्कृति का हिस्सा है और यह हमें मानसिक एवं शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाता है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की।
कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस भारत की वैश्विक पहचान का प्रतीक है। उन्होंने सभी से योग को दैनिक जीवन में अपनाने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे शरीर निरोगी एवं मन शांत रहता है।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित जनों ने ध्यानपूर्वक देखा और सुना। योगाभ्यास के पश्चात कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा अतिथियों को गुलमोहर के पौधे भेंट किए गए।
योगाभ्यास की विस्तृत प्रक्रिया
सामूहिक योग कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना से की गई। इसके बाद योग प्रशिक्षकों द्वारा चालन क्रियाएं, विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। योगासनों में ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्द्ध चक्रासन, त्रिकोणासन, दंडासन, भद्रासन, वज्रासन, अर्द्ध उष्ट्रासन, उष्ट्रासन, शशकासन, उत्थानमंडूकासन, वक्रासन, मकरासन, भुजंगासन, शलभासन, सेतुबंधासन, उत्थानपादासन, अर्द्धहलासन, पवनमुक्तासन एवं शवासन शामिल रहे। इसके पश्चात कपालभाति, अनुलोम-विलोम, शीतली एवं भ्रामरी प्राणायाम कराए गए और अंत में ध्यान, संकल्प एवं शांति पाठ किया गया।
एक पेड़ मां के नाम पौधारोपण
जिला स्तरीय योग कार्यक्रम के बाद राज्य मंत्री श्री लोधी, कलेक्टर श्री तिवारी और एस पी ने शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय माधवनगर के परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण किया गया।
जिले भर में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से योग के प्रति जागरूकता बढ़ी और लोगों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
✍️पुलिस वाला न्यूज़ कटनी से पारस गुप्ता की रिपोर्ट







