प्रतिबंधित नशीली सिरप के साथ दुर्ग का आरोपी गिरफ्तार, रायपुर की गुढ़ियारी पुलिस की बड़ी कार्रवाई
रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन अंतर्गत गुढ़ियारी पुलिस ने नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मुस्तैदी दिखाते हुए झाबक पेट्रोल पंप के पास से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीन युक्त नशीली सिरप बरामद की गई है।
पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) श्री मयंक गुर्जर (भा.पु.से) के दिशा-निर्देशन में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) श्री आकाश मरकाम तथा सहायक पुलिस आयुक्त सुश्री पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बी.एल. चंद्राकर के नेतृत्व में गुढ़ियारी पुलिस की टीम ने जाल बिछाया। पुलिस ने संदेह के आधार पर घेराबंदी कर एक युवक को दबोचा, जिसने अपनी पहचान अनिल कुमार साहू (33 वर्ष), निवासी मंगल वाड़ा, चरौदा (जिला दुर्ग) के रूप में बताई।
आरोपी के पास मौजूद बैग की तलाशी लेने पर पुलिस को 249 नग प्रतिबंधित कोडीन नशीली सिरप (कुल मात्रा 25 लीटर) मिली। इस खेप और आरोपी के पास से मिले एक मोबाइल फोन की कुल कीमत लगभग 1,40,000/- रुपये आंकी गई है। नशीली सिरप के परिवहन और बिक्री के संबंध में आरोपी कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करता रहा।
गुढ़ियारी पुलिस ने आरोपी अनिल कुमार साहू को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 238/2026, धारा 21 (सी) एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस मामले में बैकएंड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशीली सिरप की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।
रिपोर्ट:मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़
