15–20 वर्षों से किसान-मजदूरों के मुद्दों पर सक्रिय, सामाजिक गतिविधियों में भी निभाते रहे हैं महत्वपूर्ण भूमिका

गरियाबंद। पिछड़ा वर्ग महासभा इकाई छत्तीसगढ़ ने युवा समाजसेवी, किसान नेता एवं जमीनी कार्यकर्ता जीवन साहू को आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी है। संगठन ने यह दायित्व उन्हें क्षेत्र में लंबे समय से किसान-मजदूरों के मुद्दों पर सक्रियता तथा विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में उनकी सहभागिता को देखते हुए सौंपा है।

जीवन साहू विगत 15 से 20 वर्षों से मैनपुर, देवभोग, पीपरछेड़ी सहित बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में किसान-मजदूरों के मुद्दों को लेकर सक्रिय रहे हैं। वे क्षेत्र की जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों और आम लोगों के हितों से जुड़े विषयों पर लगातार अपनी भागीदारी निभाते आए हैं। विभिन्न सामाजिक गतिविधियों से जुड़ाव और जमीनी स्तर पर लोगों के बीच सक्रिय उपस्थिति उनकी कार्यशैली का प्रमुख हिस्सा रही है।

संगठन की ओर से मिली नई जिम्मेदारी के बाद जीवन साहू ने कहा कि पिछड़ा वर्ग महासभा का उद्देश्य केवल पिछड़ा वर्ग तक सीमित नहीं है, बल्कि सभी समाजों के लोगों को साथ लेकर सामाजिक एकता, आपसी समन्वय और क्षेत्र के विकास के लिए काम करना है। उन्होंने कहा कि पिछड़े वर्ग को उसका अधिकार और उचित प्रतिनिधित्व दिलाने के लिए प्रयास करना हमारी जिम्मेदारी है।

उन्होंने आगे कहा कि आने वाले समय में सभी समाजों के बंधुओं के साथ मिलकर क्षेत्र की समस्याओं को समझने, जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और विकास कार्यों में सहभागिता सुनिश्चित करने की दिशा में काम किया जाएगा। समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलना और आपसी भाईचारे को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

जीवन साहू को विधानसभा प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपे जाने से संगठन की क्षेत्रीय गतिविधियों को लेकर नई भूमिका निर्धारित हुई है। अब उनके नेतृत्व में संगठन क्षेत्र में सामाजिक समन्वय, पिछड़ा वर्ग के अधिकारों तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर किस प्रकार काम करता है, इस पर क्षेत्र की निगाहें रहेंगी।

रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो गरियाबंद

Leave A Reply

Exit mobile version