स्वयं क्राइम ब्रांच का अधिकारी बन गिऱफ्तारी का डर दिखाकर महिला से 54,500 रुपये की की गई थी साइबर ठगी।
आरोपी के कब्जे से फ्रॉड की संपूर्ण राशि ₹ 54,500 की गई जप्त।
दिनांक: 21 नवम्बर 2026
स्थान: पन्ना, मध्यप्रदेश
थाना कोतवाली पन्ना में डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाकर एक महिला से 54,500 रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में पन्ना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी गई संपूर्ण राशि 54,500 रुपये बरामद करने में सफलता प्राप्त की है।
घटना का विवरण –
मामले में फरियादिया श्रीमती शिवानी अहिरवार, निवासी टिकुरिया बस्ती पन्ना ने दिनांक 31.10.2025 को थाना कोतवाली पन्ना उपस्थित होकर शिकायत दर्ज कराई कि दिनांक 08.10.2025 को उनके मोबाइल नंबर पर अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को क्राइम ब्रांच भोपाल का अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके पति अशोक कुमार जाटव आपत्तिजनक वेबसाइट देखते हैं, जिसके संबंध में विभिन्न थानों में एफ.आई.आर दर्ज हो रही हैं। आरोपी ने उनके पति के विरुद्ध कार्रवाई नहीं कराने का झांसा देकर एक लाख रुपये की मांग की तथा रुपये नहीं देने पर कार्रवाई की धमकी दी।
आरोपी की बातों से भयभीत होकर फरियादिया ने फोन-पे नंबर पर दो बार में कुल 36,500 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके पश्चात आरोपी ने व्हाट्सएप के माध्यम से एक क्यूआर कोड भेजा, जिस पर फरियादिया ने कुल 18,000 रुपये और ट्रांसफर कर दिए।
फरियादिया की शिकायत पर थाना कोतवाली पन्ना में अपराध क्रमांक 914/25 धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पन्ना श्री सव्यसाची सराफ द्वारा आरोपी की पतासाजी एवं गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पन्ना सुश्री वंदना चौहान के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक हेमंत नायक के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा साइबर सेल पन्ना की तकनीकी सहायता से प्रकरण की गहन जांच की गई। जांच के दौरान संबंधित बैंक खातों एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में की गई।
आरोपी की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम कानपुर रवाना की गई, जहां से आरोपी अभिषेक कठेरिया पिता ज्ञान प्रकाश, उम्र 18 वर्ष, निवासी त्रिलोकपुर, थाना चौबेपुर, जिला कानपुर, उत्तर प्रदेश को अभिरक्षा में लिया गया। जिससे घटना के सम्बंध मे पूछताछ करने पर आरोपी द्वारा घटना किया जाना स्वीकार किया गया। मामले मे पुलिस टीम द्वारा आरोपी के कब्जे से ठगी गई संपूर्ण राशि 54,500 रुपये बरामद की गई है।
सराहनीय योगदान- उक्त कार्यवाही मे थाना प्रभारी कोतवाली निरी. हेमन्त नायक, प्र.आ. खेमचन्द्र राय, जीतेन्द्र मिश्रा, आर. संदीप तिवारी एवं सायबर सेल टीम का सराहनीय योगदान रहा।
( अजयगढ़ से अमन कुमार की रिपोर्ट )







