रायपुर: छत्तीसगढ़ की माटी की गौरव और विश्वविख्यात पंडवानी गायिका पद्म विभूषण डॉ. तीजन बाई के निधन पर संपूर्ण प्रदेश में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायपुर पहुंचकर डॉ. तीजन बाई के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दुखद अवसर पर मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों से भेंट कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। 
डॉ. तीजन बाई को याद करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि उन्होंने अपनी अद्वितीय कला-साधना और विलक्षण प्रतिभा के दम पर पंडवानी गायन को विश्व पटल पर एक विशिष्ट पहचान दिलाई। उनका जाना छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत के लिए एक ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसे कभी पूरा नहीं किया जा सकेगा। श्रद्धांजलि अर्पित करने के इस गरिमामयी क्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल और विधायक श्री पुरंदर मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे, जिन्होंने दिवंगत आत्मा को नमन किया।
रिपोर्ट:मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

