फिरोजाबाद
पटाखा फैक्ट्री पर बड़ी कार्रवाई, 300 किलो पटाखा जब्त कर JCB से किया नष्
फिरोजाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चल रहे अवैध पटाखा भंडारण विरोधी अभियान के तहत थाना उत्तर पुलिस और SOG टीम ने बड़ी संयुक्त कार्रवाई की है।
मुखबिर की सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट, क्षेत्राधिकारी नगर, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, थाना प्रभारी उत्तर और SOG प्रभारी ने ग्राम टापाखुर्द स्थित नेहा क्रैकर्स / नेहा इंटरप्राइजेज, गाटा संख्या 625 पर छापा मारा।
जांच में सामने आया कि प्रतिष्ठान पेट्रोलियम एवं विस्फोटक सुरक्षा संगठन (PESO) भारत सरकार से पंजीकृत है। इसके पास दो लाइसेंस हैं – एक की क्षमता 5000 किलोग्राम और दूसरे की 1500 किलोग्राम है। लेकिन मौके पर मानकों के अनुरूप भंडारण नहीं मिला और निर्धारित क्षमता से अधिक माल रखा गया था।
टीम ने मौके से 10 कार्टन, लगभग 300 किलोग्राम पटाखा सामग्री जब्त की। संचालक को भविष्य में मानकों के अनुसार ही भंडारण करने की सख्त हिदायत दी गई।
नगर मजिस्ट्रेट फिरोजाबाद के आदेश पर* जब्त पटाखों को जेसीबी से गड्ढा खोदकर नियमानुसार नष्ट करा दिया गया।
पुलिस का कहना है कि आगामी त्योहारों के मद्देनजर आमजन की सुरक्षा को देखते हुए अवैध पटाखा भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
रिपोर्ट मनोज कुमार शर्मा

