सुबह 8 से 11 बजे के बीच कैमरे में कैद हुईं तस्वीरें, जबकि सुबह 6 से रात 12 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश है निषेध।
रायपुर। राजधानी रायपुर के महात्मा गांधी नगर, देवपुरी-अमलीडीह मार्ग पर नो-एंट्री के बावजूद भारी मालवाहक वाहनों की आवाजाही का मामला सामने आया है। पुलिसवाला न्यूज़ के कैमरे में 7 अक्टूबर 2026 को सुबह 8:00 बजे से 11:00 बजे के बीच इन भारी वाहनों की तस्वीरें कैद हुई हैं।
खास बात यह है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों का प्रवेश सुबह 6:00 बजे से रात्रि 12:00 बजे तक निषेध है। इसके बावजूद नो-एंट्री के समय में ही भारी मालवाहक वाहन मार्ग पर दौड़ते दिखाई दिए। छोटी सड़क पर इन बड़े वाहनों की आवाजाही से आम यातायात प्रभावित होता नजर आया।
पुलिसवाला न्यूज़ के पास मौजूद तस्वीरों में अलग-अलग भारी मालवाहक वाहन इस मार्ग से गुजरते साफ दिखाई दे रहे हैं। तस्वीरों में वाहनों के नंबर भी स्पष्ट रूप से दर्ज हैं। ऐसे में सवाल यह है कि जब भारी वाहनों के प्रवेश का समय सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक प्रतिबंधित है, तो सुबह 8 से 11 बजे के बीच ये वाहन इस मार्ग पर कैसे पहुंच रहे हैं।
इस मामले को लेकर पुलिस से पहले भी शिकायत की जा चुकी है। इसके बावजूद यदि प्रतिबंधित समय में भारी वाहन लगातार मार्ग से गुजर रहे हैं, तो नो-एंट्री व्यवस्था की निगरानी और उसके पालन को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।
पुलिसवाला न्यूज़ लगातार इस मामले की जानकारी पुलिस प्रशासन तक पहुंचा रहा है। अब देखना यह होगा कि पुलिस की कार्रवाई के बाद वाहन मालिक और चालक नो-एंट्री के नियमों को समझते हैं या फिर नियमों की अनदेखी का सिलसिला आगे भी जारी रहता है।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़
