पुरानी रंजिश में घर में घुसकर हमला करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, विधि से संघर्षरत बालक भी अभिरक्षा में।

चाकू, लोहे की साकप रॉड, खून लगा लकड़ी का डंडा और ईंट के टुकड़े जब्त, एक फरार आरोपी की तलाश जारी।

धमतरी। पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने पुरानी रंजिश के चलते घर में घुसकर चाकू, लोहे की साकप रॉड, डंडे एवं ईंट से हमला करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रकरण में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है।

घटना 4 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10 बजे दानीटोला क्षेत्र में हुई। प्रार्थी गुलशन साहू अपने भाई डोमेंद्र साहू एवं माता-पिता के साथ घर पर था। इसी दौरान रितेश ध्रुव एवं राम साहू मुख्य दरवाजे पर लात मारकर गाली-गलौज करते हुए ईंट-पत्थरों से हमला करने लगे। इस दौरान प्रार्थी के पिता धनीराम को चोटें आईं।

कुछ समय बाद आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ दोबारा घातक हथियार लेकर पहुंचे और प्रार्थी एवं उसके परिजनों पर हमला कर दिया। आरोपियों ने चाकू, लोहे की साकप रॉड, लकड़ी के डंडे एवं ईंट से वार किए, जिससे प्रार्थी एवं उसके भाई को चोटें आईं। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना की सूचना पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 243/2026 के तहत धारा 296, 351(2), 109(1), 191(2), 191(3) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

एफएसएल टीम की उपस्थिति में घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए। पुलिस टीम ने त्वरित घेराबंदी एवं तलाश करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया। आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू, लोहे की साकप रॉड, खून लगा लकड़ी का डंडा एवं ईंट के टुकड़े विधिवत जब्त किए गए।

गिरफ्तार आरोपियों में रितेश कुमार ध्रुव, आलेख रामटेके, राम साहू एवं चन्द्रेश्वर उर्फ गोलू धुरी शामिल हैं। प्रकरण में एक अन्य फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।

गिरफ्तार चारों बालिग आरोपियों को माननीय न्यायालय धमतरी के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं विधि से संघर्षरत बालक को नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले, गुंडागर्दी एवं हिंसक गतिविधियों में संलिप्त तथा अवैध हथियारों का उपयोग कर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त एवं विधिसम्मत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply

Exit mobile version