ऑटो वालों ने कहा- पुलिस केस है, NGO की अंकिता ने CPR देकर बचाने की कोशिश की, TI बोले- CCTV से तलाश जारी
बिलासपुर। शहर के व्यस्ततम नूतन चौक में गुरुवार 9 अक्टूबर को दोपहर बाद हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की जान चली गई। हादसे के बाद का जो मंजर सामने आया है, उसने एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार मृतक श्री कुर्मी (बुजुर्ग) ऑटो से उतरकर सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात स्कूटी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुजुर्ग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कूटी पर 2 लड़के सवार थे जो टक्कर मारने के बाद रुक कर देखे तक नहीं और मौके से फरार हो गए।
मौके पर मौजूद थी NGO संचालिका अंकिता पांडे शुक्ला – पेश की मानवता की मिसाल
इस पूरी घटना की चश्मदीद समाजसेविका एवं NGO संचालिका अंकिता पांडे शुक्ला मौके पर मौजूद थीं। अंकिता जी ने बताया कि हादसे के बाद वहां भीड़ तो बहुत थी, लेकिन मदद के लिए कोई आगे नहीं आया।
अंकिता जी ने तत्काल 108, 112 और पुलिस को फोन किया। उन्होंने वहां खड़े ऑटो चालकों से बुजुर्ग को नजदीकी अस्पताल ले चलने की गुहार लगाई, लेकिन ऑटो चालकों ने यह कहकर मना कर दिया कि “यह पुलिस केस है, हम नहीं ले जाएंगे।”
अंकिता जी ने बताया, “जबकि सरकार द्वारा सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये का इनाम और सम्मान दिया जाता है, फिर भी लोग पुलिस केस के डर से मदद नहीं करते। ट्रैफिक सिग्नल और जाम की वजह से 108 और 112 को मौके पर पहुंचने में भी देरी हुई। पास में इतने बड़े अस्पताल होने के बावजूद एक व्यक्ति की जान चली गई। अगर समय पर मदद मिल जाती तो शायद बुजुर्ग बच जाते।”
उन्होंने अपने हाथों से बुजुर्ग को CPR देकर बचाने की भरपूर कोशिश भी की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। बाद में 108 एम्बुलेंस के माध्यम से उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
अंकिता पांडे शुक्ला की लोगों से भावुक अपील:
“हर व्यक्ति के पास आज मोबाइल है। मेरा हाथ जोड़कर सभी से निवेदन है कि सड़क पर तमाशा देखने की बजाय मदद के लिए आगे आएं। तुरंत वीडियो बनाएं और 112, 108 को कॉल करें। ऑटो, कार वालों से अपील है कि नागरिक होने का फर्ज निभाएं। मानवता रहेगी तभी देश आगे बढ़ेगा।”
पुलिस का क्या कहना है? – TI का बयान
मामले में थाना प्रभारी TI ने पुलिसवाला न्यूज को जानकारी देते हुए बताया कि,
“कल दिनांक 09-10-2026 को एक अज्ञात स्कूटी चालक द्वारा लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए म्रतक कुर्मी जो ऑटो से उतर कर रोड क्रॉस कर रहे थे, को टक्कर मार दी जिससे उन्हें चोट लगी। उन्हें 108 के माध्यम से अस्पताल शिफ्ट कराया गया जहां डॉक्टर द्वारा मृत घोषित किया गया। पंचनामा कार्रवाई की जा रही है और आसपास के सभी CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिसमें 2 लोगों का स्कूटी में बैठना देखा गया है। बहुत जल्द आरोपियों का पता लगा लिया जाएगा।”
फिलहाल पुलिस ने अज्ञात स्कूटी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ब्यूरो चीफ शंकर अघिजा
9098970709







