हेलमेट और सीटबेल्ट के अनिवार्य उपयोग पर रहेगा विशेष जोर, नियम तोड़ने वालों पर होगी चालानी कार्रवाई
नीमच। पुलिस मुख्यालय (पीटीआरआई) भोपाल के निर्देशानुसार दिनांक 28 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशभर में हेलमेट एवं सीटबेल्ट के अनिवार्य उपयोग को लेकर 10 दिवसीय विशेष प्रवर्तन एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक जिला नीमच श्री राजेश व्यास एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, हेलमेट एवं सीटबेल्ट के शत-प्रतिशत उपयोग को सुनिश्चित करना तथा आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है।
अभियान के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विशेष यातायात चेकिंग की जाएगी। वाहन चालकों को हेलमेट एवं सीटबेल्ट के अनिवार्य उपयोग के प्रति जागरूक भी किया जाएगा। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने तथा बिना सीटबेल्ट चार पहिया वाहन चलाने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालानी कार्रवाई की जाएगी।
पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट जरूरी
यातायात पुलिस नीमच ने आमजन से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय स्वयं हेलमेट पहनें तथा पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट पहनाएं। चार पहिया वाहन में चालक सहित सभी यात्रियों द्वारा सीटबेल्ट का उपयोग किया जाए।
पुलिस ने यह भी अपील की है कि शराब पीकर अथवा किसी भी प्रकार के नशे की स्थिति में वाहन न चलाएं। सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन कर स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें।
जिला ब्यूरो
ललित सिंह चुंडावत
नीमच

Comments are closed.

Exit mobile version