एसपी राजेश व्यास, एएसपी हेमलता अग्रवाल व डीएसपी निकिता सिंह ने फीती लगाकर दी पदोन्नति की बधाई
मध्यप्रदेश लोक सेवा पदोन्नति नियम-2025 के तहत नीमच पुलिस के चार कर्मचारियों को प्रधान आरक्षक (जीडी) पद पर पदोन्नति मिली है। इनमें अनुसूचित जाति संवर्ग से आरक्षक रचना चौरसिया और चेतन सिंह भाटिया तथा अनारक्षित संवर्ग से कार्यवाहक प्रधान आरक्षक जगदीशदास और मोनवीर सिंह शामिल हैं। पदोन्नति के बाद पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं डीएसपी निकिता सिंह ने पुलिसकर्मियों को फीती लगाकर पदोन्नति की बधाई दी।*
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार आरक्षक से प्रधान आरक्षक पद पर पदोन्नति के लिए जारी चयन सूची में प्रतीक्षा सूची में शामिल इन कर्मचारियों को प्रधान आरक्षक (जीडी) के रिक्त पदों पर स्थानापन्न/अस्थायी रूप से पदोन्नत किया गया है। उन्हें वर्तमान में लागू वेतनमान में कार्यभार ग्रहण करने की तारीख से पदोन्नति पद पर पदस्थ किया गया है।
अनुसूचित जाति संवर्ग में आरक्षक क्रमांक 458 रचना चौरसिया, जिनकी भर्ती 6 अगस्त 2012 को हुई थी, तथा आरक्षक क्रमांक 463 चेतन सिंह भाटिया, जिनकी भर्ती 10 अगस्त 2012 को हुई थी, को प्रधान आरक्षक बनाया गया है। वहीं अनारक्षित सूची में कार्यवाहक प्रधान आरक्षक क्रमांक 77 जगदीशदास और कार्यवाहक प्रधान आरक्षक क्रमांक 103 मोनवीर सिंह को भी प्रधान आरक्षक पद पर पदोन्नति दी गई है। दोनों की भर्ती क्रमश: 13 अप्रैल 2011 और 22 अप्रैल 2011 को हुई थी।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि पदोन्नति आदेश जारी होने की तारीख से प्रभावशील होगी। इसके साथ ही आरक्षक से कार्यवाहक प्रधान आरक्षक (जीडी) का प्रभार दिए जाने संबंधी पूर्व में जारी आदेश भी इस पदोन्नति आदेश के जारी होने की तारीख से निरस्त माने जाएंगे।
*पदोन्नति पुलिस मुख्यालय के प्रावधानों तथा मध्यप्रदेश लोक सेवा पदोन्नति नियम-2025 के तहत की गई है। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी कर्मचारी पर ऐसा दंड प्रभावशील है, जिससे वह पदोन्नति के लिए अयोग्य होता है, तो उसकी पदोन्नति स्वत: निरस्त मानी जाएगी। पदोन्नत कर्मचारियों की पदोन्नति सुप्रीम कोर्ट में लंबित विशेष अनुमति याचिका सहित भविष्य में न्यायालयों द्वारा पारित आदेशों के अधीन रहेगी।
जिला ब्यूरो ललितललित सिंह चुंडावत नीमच

