डिंडौरी मध्यप्रदेश 

रिपोर्ट अखिलेश झारिया 

NH-45 पर जलभराव रोकने के निर्देश, राघवपुर परियोजना के भू-अर्जन-मुआवजे की ली जानकारी; 17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान

डिंडौरी।   जिले की प्रभारी मंत्री एवं नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने कलेक्टर सभाकक्ष में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की बैठक लेकर केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं, निर्माण कार्यों तथा आगामी सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, एनएच-45 पर जलभराव, किसानों को वितरित बीजों के अंकुरित नहीं होने और राघवपुर बहुउद्देशीय परियोजना के भू-अर्जन एवं मुआवजा भुगतान जैसे मुद्दों पर अधिकारियों से जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए।

 

प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट किया कि शासकीय निर्माण कार्यों में लापरवाही अथवा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। निर्माणाधीन कार्यों की नियमित जांच और गुणवत्ता की सतत निगरानी करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

 

NH-45 का निर्माण डीपीआर के मापदंडों के अनुरूप हो

 

निर्माणाधीन एनएच-45 की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को सड़क निर्माण डीपीआर में निर्धारित मापदंडों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से आबादी वाले क्षेत्रों में सड़क निर्माण के कारण जलभराव की स्थिति उत्पन्न न होने देने को कहा।

 

उन्होंने कहा कि जहां अतिक्रमण के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है, वहां प्रशासन के सहयोग से नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर निर्माण में तेजी लाई जाए।

 

बीज नहीं हुए अंकुरित तो खेतों में जाकर होगा सर्वे

 

कृषि विभाग की समीक्षा में तिलहन एवं दलहन के वितरित बीजों के अंकुरित नहीं होने का मामला भी सामने आया। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को संबंधित क्षेत्रों में किसानों के साथ मौके पर पहुंचकर सर्वे करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच में जहां बीज अंकुरित नहीं होना पाया जाता है, वहां संबंधित कंपनी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए और उसका भुगतान रोका जाए।

 

राघवपुर परियोजना में 45 गांव प्रभावित, 53 होंगे लाभान्वित

 

नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण की राघवपुर बहुउद्देशीय परियोजना की समीक्षा में अधिकारियों ने बताया कि परियोजना से 45 ग्राम प्रभावित हैं, जबकि 53 ग्राम लाभान्वित होंगे। प्रभारी मंत्री ने डूब क्षेत्र की स्थिति, परियोजना की भौतिक प्रगति, भू-अर्जन और प्रभावितों को मुआवजा भुगतान की स्थिति की जानकारी ली।

 

17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान, जिले में जलेंगे 5 लाख दीप

 

बैठक में बताया गया कि जिले में  17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान  संचालित किया जाएगा। जिला स्तरीय शुभारंभ नर्मदा डेम घाट डिंडौरी में 21 हजार दीप प्रज्ज्वलित कर किया जाएगा, जबकि पूरे जिले में कुल पांच लाख दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसी के साथ स्वामित्व पंजीयन कार्य का शुभारंभ भी किया जाएगा।

 

अभियान के दौरान आशीर्वाद का दिया, मेरे सपनों का भारत, नमो सेवा, आंगन मिलन सेवा, सेवा की कहानी, सेवा ज्योति कलश यात्रा, सेवा-मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, सुशासन सेवा संवाद, विकसित भारत संकल्प यात्रा सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

 

जनविश्वास शिविरों के हर आवेदन का हो समय-सीमा में निराकरण

 

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान की समीक्षा में कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने बताया कि 7 अगस्त से अब तक जिले में पांच स्थानों पर जनविश्वास शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इनमें पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया गया है।

 

प्रभारी मंत्री ने कहा कि अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं एवं सेवाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के साथ लोगों की समस्याओं का निराकरण करना है। उन्होंने शिविरों में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का निर्धारित समय-सीमा में शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने और इसकी नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।

 

बैठक में अमृत 2.0, प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं जनमन, आजीविका मिशन, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जनजातीय कार्य विभाग के छात्रावास, छात्रवृत्ति, शासकीय आईटीआई में प्रवेश एवं सीटों की स्थिति, स्वरोजगार योजनाओं और प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना की जानकारी भी ली गई।

 

‘वॉश ऑन व्हील’ अभियान का किया शुभारंभ

 

स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली गतिविधियों के क्रम में प्रभारी मंत्री प्रतिमा बागरी ने  ‘वॉश ऑन व्हील’ अभियान  का शुभारंभ किया। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और स्वच्छता गतिविधियों में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना है। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभागियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

 

बैठक में डिंडौरी विधायक ओमकार मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते, कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता सारस, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अंजू ब्यौहार, रेडक्रॉस समिति अध्यक्ष नरेन्द्र राजपूत, जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी, पुलिस अधीक्षक आशीष खरे, डीएफओ अशोक सोलंकी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave A Reply