मानवीयता की मिसाल : दिव्यांग को देख कुर्सी छोड़ जमीन पर बैठ गए निगमायुक्त, सुनी फरियाद – सुशासन की अनूठी तस्वीर
जबलपुर। जबलपुर नगर निगम मुख्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान सुशासन और संवेदनशीलता की एक अनूठी और दिल को छू लेने वाली तस्वीर सामने आई, जिसने पूरे निगम परिसर का माहौल भावुक कर दिया।
दरअसल जनसुनवाई में कुल 42 आवेदन लेकर नागरिक पहुंचे थे। इसी दौरान एक दिव्यांग आवेदक अपनी फरियाद लेकर पहुंचा। उसे देखकर नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने प्रोटोकॉल तोड़ते हुए अपनी कुर्सी छोड़ दी और खुद जमीन पर बैठकर दिव्यांग के पास चले गए।
निगमायुक्त ने जमीन पर बैठकर ही बड़े ही आत्मीयता से दिव्यांग की पूरी समस्या सुनी और मौके पर ही मौजूद संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। निगमायुक्त की इस मानवीय पहल को देखकर जनसुनवाई में मौजूद सभी आवेदक और कर्मचारी भावुक हो गए और तालियों से इस संवेदनशीलता का स्वागत किया।
42 शिकायतों का मौके पर निराकरण
निगमायुक्त अहिरवार ने बताया कि आज जनसुनवाई में अतिक्रमण, राजस्व, स्वास्थ्य, कॉलोनी सेल, जल विभाग सहित अन्य विभागों से जुड़ी कुल 42 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से राजस्व और स्वास्थ्य से जुड़े कई मामलों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया, जिससे आवेदकों को तुरंत राहत मिली। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजकर 7 दिन में निराकरण के निर्देश दिए गए हैं।
यह जनसुनवाई सही मायने में ‘सरकार आपके द्वार’ और सुशासन की जीवंत मिसाल बन गई।
चेतन तिवारी शानू , जिला ब्यूरो, पुलिसवाला न्यूज़, जबलपुर

