नशीली दवाओं पर रायपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: पश्चिम जोन के विभिन्न थानों से जप्त भारी मात्रा में मादक पदार्थ भट्ठी में जलाकर किए गए नष्ट
रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट के पश्चिम जोन अंतर्गत विभिन्न थानों में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत जप्त किए गए प्रतिबंधित नशीले पदार्थों को आज शनिवार (23 मई 2026) को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया। पुलिस मुख्यालय द्वारा गठित जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी रायपुर की देखरेख में यह विधिसम्मत कार्यवाही सिलतरा स्थित जायसवाल निको कंपनी के पावर प्लांट में अंजाम दी गई। जनसामान्य की सुरक्षा और पर्यावरण विभाग से जरूरी अनुमति मिलने के बाद सभी मादक पदार्थों को पावर प्लांट की भट्ठी (फर्नेस) में जलाकर खाक किया गया।
इस पूरी नष्टीकरण कार्यवाही के दौरान गृह मंत्रालय और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के आदेशों का कड़ाई से पालन किया गया। इस मौके पर जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी के प्रमुख अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे, जिनमें पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) श्री संदीप कुमार पटेल (IPS), अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) श्री राहुल देव शर्मा, सहायक पुलिस आयुक्त (आज़ाद चौक) श्री ईशु अग्रवाल (IPS) और जिला आबकारी अधिकारी श्री राजेश कुमार शर्मा शामिल थे। इन सभी वरिष्ठ अधिकारियों की प्रत्यक्ष उपस्थिति में पूरी पारदर्शिता के साथ नष्टीकरण की प्रक्रिया पूरी की गई।
नष्ट की गई नशीली सामग्रियों में पश्चिम जोन के कुल 42 एनडीपीएस मामलों से जप्त किया गया माल शामिल था। पुलिस ने भट्ठी में कुल 399.576 किलोग्राम गांजा, 2.90 ग्राम ब्राउन शुगर और 1738 नग प्रतिबंधित नशीली टैबलेट व कैप्सूल को पूरी तरह नष्ट कर दिया है। रायपुर पुलिस की इस सख्त कार्यवाही से नशे के अवैध कारोबारियों को एक कड़ा संदेश दिया गया है।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव,
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़
