डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया

नवांकुर संस्था द्वारा शहपुरा में ‘जल मंदिर’ प्याऊ का शुभारंभ, राहगीरों को मिलेगी निःशुल्क ठंडे पानी की सुविधा

शहपुरा। भीषण गर्मी के बीच आमजन को राहत पहुंचाने और जल संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत शहपुरा नाका चौराहा में निःशुल्क ‘जल मंदिर’ (प्याऊ) का शुभारंभ किया गया। यह पहल नवांकुर संस्था द्वारा जनसुविधा और जनसेवा की भावना से प्रेरित होकर की गई है।

कार्यक्रम का शुभारंभ ओम शांति संस्था की प्रमुख सीमा दीदी ने विधिवत जल कलश पूजन एवं फीता काटकर किया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने जल संरक्षण के महत्व पर जोर दिया और लोगों से पानी के सदुपयोग की अपील की। राधेश्याम साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि जल ही जीवन है और इसके संरक्षण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।

इस पहल से अब शहपुरा नाका चौराहा से गुजरने वाले राहगीरों, यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को भीषण गर्मी में निःशुल्क ठंडे पानी की सुविधा उपलब्ध होगी। उद्घाटन के पश्चात लोगों ने ठंडे पानी का सेवन कर राहत महसूस की और इस सराहनीय जनसेवा कार्य के लिए आयोजकों की प्रशंसा की।

कार्यक्रम में नवांकुर संस्था के अध्यक्ष डूमारी चक्रवर्ती, जिला समन्वयक धर्मेंद्र चौहान, विकासखंड समन्वयक डॉ. नीलेश्वरी वैश्य, विजय गुप्ता, विनोद साहू, नगर विकास प्रस्फुटन समिति के प्रकाश अग्रवाल, मेंटर्स राम अभिषेक तिवारी, गोपाल रैदास सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
यह ‘जल मंदिर’ न केवल प्यास बुझाने का माध्यम बनेगा, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और जल संरक्षण की भावना को भी सशक्त करेगा।

Leave A Reply

Exit mobile version