अनूपपुर।

मध्य प्रदेश शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार नगर पालिका परिषद पसान में छह पार्षदों का मनोनयन किया गया है। मनोनीत पार्षदों में अनुमय सिंह (वार्ड 9), जनमेजय दुबे (वार्ड 17), दिलीप झा (वार्ड 2), अजय द्विवेदी (वार्ड 18), यादवेंद्र सिंह (वार्ड 3) एवं उदय प्रताप सिंह (वार्ड 1) शामिल हैं।

मनोनीत पार्षदों ने शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जवाबदेही के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि नगर में स्वच्छता, पेयजल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए परिषद एवं प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य किया जाएगा। आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

नगरवासियों ने भी शासन के इस निर्णय का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि नए मनोनीत पार्षद नगर के सर्वांगीण विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी सभी नवनियुक्त पार्षदों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल की कामना की है।

मध्य प्रदेश शासन के इस मनोनयन के बाद नगर पालिका परिषद पसान में विकास कार्यों को नई गति मिलने की संभावना व्यक्त की जा रही है। नागरिकों का मानना है कि नए मनोनीत पार्षद जन अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसेवा की भावना के साथ नगर के समग्र विकास में सक्रिय एवं प्रभावी भूमिका निभाएंगे।

नगर पालिका परिषद पसान के उपाध्यक्ष अजय यादव ने सभी नवनियुक्त मनोनीत पार्षदों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि उनके अनुभव और सहयोग से परिषद जनहित के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएगी तथा नगर के विकास को नई दिशा और गति मिलेगी।

 

रिपोर्टर दिनेश केवट 

अनुपपुर

Leave A Reply

Exit mobile version