कटनी

स्टेशन रोड स्थित ईश्वर कृपा कॉम्प्लेक्स में कार्रवाई, रवि रजक की किराये की दुकान पर स्वास्थ्य विभाग और वार्ड दरोगा ने की चालानी कार्रवाई

कटनी। स्टेशन रोड स्थित ईश्वर कृपा कॉम्प्लेक्स में संचालित कृष्णा टी स्टॉल के बाहर काउंटर बढ़ाकर अतिक्रमण करने और चाय के डिस्पोजल कप सहित अन्य कचरे से गंदगी फैलाने के मामले में नगर निगम ने कार्रवाई की है। नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार के निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग के स्वच्छता निरीक्षक अतुल गुप्ता एवं संबंधित वार्ड दरोगा ने रवि रजक की किराये की दुकान कृष्णा टी स्टॉल पर ₹1,000 का जुर्माना लगाया। साथ ही समझाइश देते हुए दोबारा अतिक्रमण और गंदगी फैलाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।

जानकारी के अनुसार, दुकान के बाहर काउंटर बढ़ाकर रखने तथा आसपास डिस्पोजल कप और अन्य कचरा फैलने के मामले में नगर निगम की टीम ने कार्रवाई की। अधिकारियों ने दुकानदार को निर्देश दिए कि दुकान के बाहर अतिक्रमण न किया जाए और परिसर में स्वच्छता बनाए रखी जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में दोबारा दुकान के बाहर अवैध कब्जा या गंदगी फैलाने की स्थिति सामने आने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

लगातार खबरें प्रकाशित होने के बाद हुई कार्रवाई

कृष्णा टी स्टॉल के बाहर अतिक्रमण और गंदगी को लेकर लगातार खबरें प्रकाशित होने के बाद नगर निगम की कार्रवाई सामने आई है। फिलहाल निगम ने ₹1,000 का जुर्माना लगाकर समझाइश दी है। अब देखना होगा कि चेतावनी के बाद दुकान के बाहर अतिक्रमण और गंदगी की स्थिति में सुधार होता है या नहीं।

स्टेशन रोड जैसे व्यस्त क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखना और अतिक्रमण पर नियंत्रण करना नगर निगम की जिम्मेदारी है। ऐसे में अब नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार के निर्देशों के बाद यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि संबंधित दुकान पर नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाता है या नहीं।

✍️ पुलिस वाला न्यूज़ कटनी से संभाग ब्यूरो पारस गुप्ता की रिपोर्ट

Leave A Reply