धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पिछले 24 घंटों से हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मूसलाधार बारिश के चलते निचले इलाकों में भारी जलभराव हो गया है और नदियां-नाले उफान पर हैं, जिससे कई रास्तों पर आवागमन थम गया है।
बारिश का सबसे बड़ा असर नगरी विकासखंड में देखने को मिला, जहाँ कई स्कूल पानी से घिर गए। सोशल मीडिया

पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें गुजरा गांव के स्कूली बच्चे घुटनों तक भरे पानी से गुजरते नजर आ रहे थे। इस गंभीर स्थिति और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने त्वरित फैसला लेते हुए नगरी ब्लॉक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में तत्काल प्रभाव से अवकाश घोषित कर दिया है।
मौसम के मिजाज को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। आपदा प्रबंधन टीम और प्रशासनिक अमला स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे उफान मारते नदी-नालों और जलभराव वाले रास्तों को पार करने का जोखिम न उठाएं और सतर्क रहें।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply