धमतरी

नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए धमतरी पुलिस द्वारा पुलिस लाइन रूद्री के कम्पोजिट भवन में एक दिवसीय विशेष कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्री सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में सेवानिवृत्त पूर्व विशेष पुलिस महानिदेशक श्री आर.के. विज (आईपीएस) मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने उपस्थित पुलिस अधिकारियों को भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) 2023 के व्यावहारिक व विधिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। श्री विज ने बदलते परिवेश में न्याय प्रणाली को पारदर्शी, तकनीक-आधारित और पीड़ित-केंद्रित बनाने के लिए पुलिस बल के विधिक रूप से अपडेट होने पर विशेष जोर दिया।

इस दौरान एसपी श्री सूरज सिंह परिहार ने कहा कि अपराधियों को शीघ्र सजा दिलाने और पीड़ितों को त्वरित न्याय देने के लिए गुणवत्तापूर्ण विवेचना और वैज्ञानिक साक्ष्यों का प्रभावी उपयोग बेहद जरूरी है, जिसके लिए धमतरी पुलिस लगातार क्षमता संवर्धन कार्यक्रम चला रही है। कार्यशाला में विवेचना, डिजिटल साक्ष्य संकलन, गिरफ्तारी, तलाशी और अदालती प्रक्रिया से जुड़े व्यावहारिक पक्षों पर गहन चर्चा की गई।

इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण सत्र में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शैलेन्द्र कुमार पांडेय, नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) श्री अभिषेक चतुर्वेदी, उप पुलिस अधीक्षक श्री भानूप्रताप चंद्राकर, सुश्री मोनिका मरावी, सुश्री मीना साहू, श्री यशकरण दीप ध्रुव, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) नगरी श्री विपिन रंगारी, वैज्ञानिक अधिकारी श्री अमित कुमार पटेल, डीपीओ श्री अजय सिंह और रक्षित निरीक्षक श्री दीपक शर्मा सहित लगभग 250 पुलिस अधिकारी, थाना-चौकी प्रभारी, विवेचक और सीसीटीएनएस ऑपरेटर उपस्थित रहे, जिन्होंने नवीन विधियों के अनुरूप अपनी व्यावसायिक दक्षता को मजबूत किया।

रिपोर्ट :मयंक श्रीवास्तव 

ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply

Exit mobile version