रायपुर से गिरफ्तार हुआ सिहावा-नगरी में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाला फरार आरोपी।

किराना दुकान, मस्जिद और मजार की दान पेटियों सहित मोटरसाइकिल चोरी का खुलासा, 3,305 रुपये नगद और मोटरसाइकिल बरामद।

धमतरी। एसपी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में सिहावा पुलिस ने सिहावा एवं नगरी क्षेत्र में चोरी की विभिन्न वारदातों में फरार आरोपी छोटू सोनवानी (27 वर्ष), निवासी स्कूलपारा सिहावा, को रायपुर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ थाना सिहावा में अपराध क्रमांक 47/2026, 69/2026, 78/2026 एवं 79/2026 तथा थाना नगरी में अपराध क्रमांक 70/2026 दर्ज हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारी निरीक्षक चक्रधर बाघ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। आरोपी की लोकेशन रायपुर में मिलने पर पुलिस टीम ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपी ने 19 जून 2026 को बाजार चौक स्थित मुरारी किराना दुकान से 19,000 रुपये चोरी करने, 26 अगस्त को दानीबांधा स्थित मजार की दान पेटी तथा 7 अक्टूबर को बाजार चौक स्थित मस्जिद की दान पेटी चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके अलावा पाईकभांठा क्षेत्र से आई-स्मार्ट मोटरसाइकिल चोरी करने का मामला भी सामने आया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक दान पेटी, 3,305 रुपये नगद और एक मोटरसाइकिल बरामद की। पुलिस ने आरोपी को 14 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय जेएमएफसी नगरी में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक चक्रधर बाघ, सहायक उपनिरीक्षक दुलाल नाथ, प्रधान आरक्षक श्रवण ध्रुव, आरक्षक हरीश कावड़े, आरक्षक प्रमोद गाहड़े एवं डीएसएफ आरक्षक का विशेष योगदान रहा।

रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply

Exit mobile version