धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दो अवैध शराब तस्कर गिरफ्तार, वाहन सहित सवा लाख का माल जब्त

 

​धमतरी। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले में अवैध कारोबारियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत मगरलोड पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया, जिनके पास से भारी मात्रा में देशी शराब और तस्करी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं।

​पहली कार्रवाई बेलरदोना रोड पुलिया के पास की गई, जहाँ पुलिस टीम ने डोमार सिंह अनेश्वरी (35 वर्ष, निवासी करेलीबड़ी) को धरदबोचा। आरोपी के पास से 30 पौवा देशी शराब और एक यामाहा एफजेडएस मोटरसाइकिल बरामद की गई। वहीं, दूसरी कार्रवाई में शीतला मंदिर के पास से अनिल वर्मा (29 वर्ष, निवासी चारभाठा) को गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से 42 पौवा देशी शराब और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त हुई।

​पुलिस ने इस पूरी कार्रवाई में कुल 1,23,760 रुपये का मशरूका जब्त किया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ यह सख्ती आगे भी जारी रहेगी।

रिपोर्ट:मयंक श्रीवास्तव 

ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply

Exit mobile version