*धमतरी पुलिस की बड़ी कार्यवाही, ₹2.60 करोड़ के गांजे के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार*

​धमतरी। पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्री सूरज सिंह परिहार के कुशल नेतृत्व में धमतरी पुलिस ने नशामुक्त अभियान के तहत पिछले चार वर्षों की सबसे बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है। पुलिस ने एक संगठित अंतर्राज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए लगभग 2.60 करोड़ रुपये मूल्य का 490.818 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। महज छह सप्ताह के भीतर गांजा तस्करों पर धमतरी पुलिस का यह लगातार सातवां बड़ा प्रहार है, जिसने तस्करी नेटवर्क की कमर तोड़कर रख दी है।

​यह पूरी कार्यवाही थाना अर्जुनी पुलिस द्वारा विश्वसनीय मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिलते ही एसपी धमतरी के निर्देशन और सीएसपी धमतरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित रणनीति बनाई और श्याम तराई फारेस्ट नाका के पास घेराबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान चारामा से धमतरी की ओर आ रहे दो संदिग्ध वाहनों—एक महिंद्रा पिकअप और मुख्य तस्करों के लिए पायलटिंग कर रही एक मारुति स्विफ्ट कार को रोका गया। वाहनों की सघन तलाशी लेने पर कुल 96 पैकेटों में छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से गांजा, दोनों वाहन और 6 मोबाइल फोन सहित कुल 2,60,75,900 रुपये की संपत्ति जब्त की है।

​इस मामले में पुलिस ने संगठित गिरोह के 4 आरोपियों—नौशाद खान (बागपत, उ.प्र./हाल निवासी जगदलपुर), करण साहू (टिकरापारा, रायपुर), मोहम्मद शादिक (टिकरापारा, रायपुर), हिमांशु साहू (पचपेड़ी नाका, रायपुर) सहित 1 विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया है। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि ये आरोपी जगदलपुर क्षेत्र से गांजा लेकर रायपुर और अन्य स्थानों पर खपाने की फिराक में थे। एसपी श्री सूरज सिंह परिहार ने स्पष्ट किया है कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति या अंतर्राज्यीय गिरोह को बख्शा नहीं जाएगा और तस्करों के बदलते तौर-तरीकों पर पुलिस की पैनी नजर बनी रहेगी।

रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव, 

ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply

Exit mobile version