धमतरी: दीपांशु साहू हत्याकांड में 3 और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 7 आरोपी जेल भेजे गए

पूर्व रंजिश में युवक की हत्या के मामले में अर्जुनी पुलिस की कार्रवाई, वारदात में प्रयुक्त चाकू, डंडा और कपड़े जब्त।

धमतरी। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में अर्जुनी पुलिस ने ग्राम मुजगहन में हुए दीपांशु साहू हत्याकांड में कार्रवाई करते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी। इस तरह मामले में अब तक कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है।

मामले में 23 अक्टूबर को गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शंकर नागरची (19 वर्ष), तामेश्वर नागरची उर्फ मोनू (19 वर्ष) और धनेश्वर नागरची (22 वर्ष), सभी निवासी रत्नाबांधा क्षेत्र, धमतरी के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही से घटना में प्रयुक्त स्टील का स्प्रिंगदार चाकू, बांस का डंडा और वारदात के दौरान पहने गए कपड़े जब्त किए गए हैं।

इससे पहले 22 अक्टूबर को पुलिस ने फनेश्वर नेताम (18 वर्ष), रितेश नेताम (22 वर्ष), लिलेश उर्फ लिलेश्वर नेताम (20 वर्ष) और नोहर यादव उर्फ काला (23 वर्ष), सभी निवासी रत्नाबांधा क्षेत्र, को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने पहले गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर भी घटना में प्रयुक्त चाकू, डंडे सहित अन्य सामान जब्त किए थे।

सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में पुलिस की विवेचना एवं आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव

ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply

Exit mobile version