धनतेरस, रूप चौदस और दीपावली पर बाजारों में उमड़ेगी भीड़, आमजन की सुविधा और सुरक्षा को लेकर पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देश पर यातायात पुलिस ने जारी की विशेष व्यवस्था

नीमच। दीपावली पर्व को देखते हुए नीमच शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए जिला पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। धनतेरस, रूप चौदस एवं दीपावली के अवसर पर बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस द्वारा शहर में मार्ग परिवर्तन, भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध एवं पार्किंग की विशेष व्यवस्था लागू की जाएगी।

यातायात पुलिस द्वारा जारी आदेश के अनुसार 6 नवंबर 2026 को धनतेरस, 7 नवंबर को रूप चौदस तथा 8 नवंबर को दीपावली के अवसर पर शहर में सुबह से रात 12 बजे तक विशेष यातायात व्यवस्था प्रभावी रहेगी। इसका उद्देश्य बाजार क्षेत्रों में जाम की स्थिति रोकना तथा आम नागरिकों, व्यापारियों और खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को आवागमन में सुविधा प्रदान करना है।

1. इन मार्गों पर तीन एवं चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित

यातायात व्यवस्था के तहत निम्न मार्गों पर तीन एवं चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा—

– जावद फंटा, मरमिया फंटा, मालखेड़ा फंटा, जेतपुरा फंटा, भाटखेड़ा फंटा एवं छोटी सादड़ी रोड आदि स्थानों से नीमच शहर की ओर आने वाले भारी वाहनों का प्रवेश 6 से 8 नवंबर तक सुबह 7 बजे से रात 12 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा।
– फव्वारा चौक से विजय टॉकीज चौराहा तक तीन एवं चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
– फोरजीरो चौराहा से फव्वारा चौक तक तीन एवं चार पहिया वाहनों को प्रवेश नहीं मिलेगा।
– ज्ञान मंदिर तिराहा से नयाबाजार की ओर तीन एवं चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
– बरादरी चौराहा से नयाबाजार की ओर तीन एवं चार पहिया वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
– हाट मैदान चौराहा, महेश सर्कल चौराहा से टेंपल मार्ग की ओर तीन एवं चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
– मुलचंद मार्ग से नयाबाजार रोड पर मिलने वाली मदन मछली गली, घंटाघर गली एवं कुन्हारा गली सहित संबंधित मार्गों पर भी तीन एवं चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

इन मार्गों पर दोपहिया वाहनों का दबाव अधिक बढ़ने की स्थिति में दोपहिया वाहनों पर भी प्रतिबंध लगाया जा सकता है। प्रतिबंधित मार्गों को छोड़कर अन्य मार्गों पर आवागमन चालू रहेगा।

2. वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित

शहर में यातायात का दबाव कम करने के लिए पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए हैं।

– दो, तीन एवं चार पहिया वाहन पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने से हाट मैदान–वीर पार्क रोड–चौपड़ चौराहा तक आ-जा सकेंगे।
– बस स्टैंड से मुलचंद मार्ग, मस्जिद चर्च–चौकना बालाजी मार्ग तक आवागमन किया जा सकेगा।
– मेसी शोरूम चौराहे से टीवीएस शोरूम–बंसल चौराहा–गोमाबाई रोड तक वाहन चालक आवागमन कर सकेंगे।

3. खरीदारी के लिए आने वालों के लिए विशेष पार्किंग व्यवस्था

धनतेरस एवं दीपावली पर खरीदारी के लिए आने वाले नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग स्थल भी निर्धारित किए गए हैं।

टैगोर मार्ग एवं नयाबाजार में खरीदारी के लिए आने वाले आमजन के दोपहिया एवं चार पहिया वाहनों की पार्किंग दशहरा मैदान, टाउन हॉल, पुरानी नगर पालिका, हेमू कॉलानी चौराहा से बर्फ फैक्ट्री के सामने, सांदीपनि स्कूल ग्राउंड, जैन भवन के पास स्थित नूतन स्कूल ग्राउंड एवं राठौर परिसर में रहेगी।

4. यातायात पुलिस की आमजन से विशेष अपील

यातायात पुलिस नीमच ने शहरवासियों, व्यापारियों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि—

– स्थानीय ट्रांसपोर्टर एवं व्यवसायी अपने भारी मालवाहक वाहनों को 6 नवंबर से 8 नवंबर तक रात 12 बजे से सुबह 7 बजे के बीच ही शहर में प्रवेश एवं निकास करवाएं।
– व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों के सामने व्यवस्थित पार्किंग के लिए कम से कम दो या दो से अधिक वॉलंटियर्स नियुक्त करें, ताकि ग्राहकों के वाहन व्यवस्थित तरीके से पार्क हो सकें।
– टैगोर मार्ग एवं नयाबाजार में खरीदारी के लिए आने वाले नागरिक असुविधा से बचने के लिए चार पहिया वाहनों का उपयोग न करते हुए दोपहिया वाहनों को प्राथमिकता दें।
– टैगोर मार्ग एवं नयाबाजार क्षेत्र के निवासी अपने चार पहिया वाहनों को निर्धारित समय के दौरान प्रतिबंधित सड़कों पर पार्क न करें तथा अन्य सुरक्षित स्थानों पर पार्किंग करें।
– दीपावली पर्व के दौरान अत्यधिक यातायात को देखते हुए पुलिस द्वारा की जा रही व्यवस्था का पालन करें और यातायात पुलिस का सहयोग करें।

त्योहार की खुशियां बनी रहें, बाजारों में न लगे जाम

दीपावली का पर्व शहरवासियों के लिए खुशियों और खरीदारी का अवसर होता है। ऐसे में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना पुलिस और आमजन दोनों की जिम्मेदारी है। नीमच पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित मार्गों एवं पार्किंग व्यवस्था का पालन करें, जिससे त्योहार के दौरान किसी को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। यातायात थाना प्रभारी मलखान सिंह नीमच ।

फोटू,यातायात थाना प्रभारी,

जिला ब्यूरो
ललित सिंह चुंडावत, नीमच

Leave A Reply

Exit mobile version