राजनांदगांव। दीपावली एवं आगामी त्योहारों के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने राजपत्रित अधिकारियों एवं सभी थाना प्रभारियों की बैठक लेकर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की।
एसपी अंकिता शर्मा ने विजिबल पुलिसिंग, फील्ड पुलिसिंग एवं प्रिवेंटिव पुलिसिंग पर विशेष जोर देते हुए बाजारों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी और नियमित पेट्रोलिंग के निर्देश दिए। बाजारों में पार्किंग, ट्रैफिक डायवर्जन एवं अस्थायी पुलिस सहायता केंद्र बनाने की कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
साथ ही व्यापारियों के साथ समन्वय, सीसीटीवी निगरानी, चोरी, उठाईगिरी एवं पॉकेटमारी की रोकथाम तथा अवैध शराब, जुआ-सट्टा और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्रामीण क्षेत्रों में दीपावली एवं मड़ई-मेला आयोजनों के दौरान भी विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
एसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुलिस आम नागरिकों के प्रति सहयोगात्मक व्यवहार रखते हुए त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित बनाने के लिए पूरी सक्रियता से कार्य करे।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

