महाराष्ट्र के संभाजीनगर से श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन हेतु आई महिला दर्शनार्थी मंजू पाटिल एवं वैशाली पाटिल दर्शन के दौरान अपने परिजनों से बिछड़ गईं। काफी तलाश करने के बावजूद जब दोनों महिलाएं अपने परिजनों से नहीं मिल सकीं, तब उन्होंने सहायता हेतु थाना महाकाल पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।

 

सूचना प्राप्त होते ही थाना प्रभारी महाकाल निरीक्षक गगन बादल द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल सहायक उप निरीक्षक चंद्रभान सिंह चौहान एवं डायल-112 एफआरवी-17 पुलिस टीम को महिलाओं के परिजनों की शीघ्र तलाश करने हेतु निर्देशित किया गया।

 

पुलिस टीम द्वारा तत्काल महाकाल मंदिर परिसर, विभिन्न पार्किंग स्थलों, होटल, आसपास के प्रमुख मार्गों एवं अन्य संभावित स्थानों पर सघन तलाश एवं पूछताछ की गई। लगातार प्रयासों के दौरान चारधाम पार्किंग के समीप दोनों महिलाओं के परिजनों का पता लगाया गया।

 

इसके उपरांत महिलाओं एवं उनके परिजनों की पहचान का सत्यापन कर दोनों महिलाओं को सकुशल एवं सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया।

 

अपनों से पुनः मिलकर महिलाओं एवं उनके परिजनों ने उज्जैन पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशील कार्यप्रणाली एवं मानवीय व्यवहार की सराहना करते हुए थाना महाकाल पुलिस का आभार व्यक्त किया।

उज्जैन से रिंकू जिला ब्यूरो सोगानी

Leave A Reply

Exit mobile version