सड़क सुरक्षा को लेकर
थाना उमरियापान पुलिस सख्त: दर्जनों वाहनों की जांच कर दी समझाइश, नियमों के उल्लंघन पर लगाया जुर्माना
उमरियापान/कटनी:
पुलिस मुख्यालय द्वारा यातायात नियमों के पालन और हेलमेट की अनिवार्यता को लेकर जारी दिशा-निर्देशों के परिपालन में, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के कुशल मार्गदर्शन में उमरियापान पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से पुलिस अब पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है।
ब्रीद एनालाइजर से जांच और कड़ी चौकसी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकसंतोष डेहरिया एवं एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी के निर्देशन में उमरियापान थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुख्य चौराहों और संवेदनशील मार्गों पर चेकप्वाइंट लगाकर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान आने-जाने वाले वाहन चालकों की ब्रीद एनालाइजर के माध्यम से जांच की गई।
कार्यवाही के दौरान दर्जनों दोपहिया वाहन चालकों को रोककर हेलमेट की अनिवार्यता के प्रति जागरूक किया गया। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि हेलमेट केवल कानूनी औपचारिकता नहीं, बल्कि जीवन के लिए एक ‘रक्षा कवच’ है। जो चालक बार-बार नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं या शराब पीकर वाहन चला रहे हैं, उनके विरुद्ध दंडात्मक कार्यवाही करते हुए चालान काटे गए।
लाइसेंस निरस्तीकरण की चेतावनी
थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि:
“यातायात नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो वाहन चालक बार-बार शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़े जाएंगे, उनके ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने के लिए कार्यवाही की जाएगी। लापरवाही जानलेवा हो सकती है, इसलिए सुरक्षित यात्रा के लिए हेलमेट अवश्य पहनें।”
उमरियापान पुलिस ने आम जनमानस से अपील की है कि वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें और पुलिस के इस सुरक्षा अभियान में सहयोग प्रदान करें।
जितेंद्र मिश्रा
