रायपुर। राजधानी रायपुर के चर्चित ढेबर परिवार को कथित तौर पर 50 करोड़ रुपये की फिरौती के लिए धमकी भरा फोन कॉल मिलने से हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि अज्ञात कॉलर ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा सदस्य बताते हुए फिरौती की मांग की और रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
मामले की शिकायत के बाद रायपुर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सेंट्रल जोन पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में साइबर सेल की विशेष टीम कॉलर की पहचान और उसके मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच में जुटी है। कॉल डिटेल समेत अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस धमकी देने वाले व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
पुलिस परिवार से भी पूछताछ कर रही है और पुराने विवाद, रंजिश तथा हालिया घटनाक्रम समेत विभिन्न पहलुओं को जांच के दायरे में रखा गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि धमकी के पीछे वास्तव में कौन है और इसका बिश्नोई गैंग से कोई संबंध है या नहीं।
रिपोर्टर:मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़






