खुर्सीपार में 70.460 ग्राम हेरोइन जब्त, तीन गिरफ्तार; 29.22 लाख की सामग्री बरामद
दुर्ग। खुर्सीपार पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 70.460 ग्राम हेरोइन बरामद की है। इसकी अनुमानित कीमत 14 लाख 9 हजार 200 रुपये बताई गई है। कार्रवाई में एक महिला और दो पुरुष आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जोन क्रमांक-03, जीरो स्ट्रीट स्थित एक मकान में हेरोइन की बिक्री की जा रही है। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए खुर्सीपार पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान हेरोइन के अलावा 2 लाख 35 हजार 100 रुपये नकद, करीब 9 लाख 65 हजार रुपये कीमत के 19 नग सोने के आभूषण, चांदी के आभूषण एवं बर्तन, 8 मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया गया। कुल जब्ती की कीमत करीब 29 लाख 22 हजार 300 रुपये है।
मामले में जसबीर कौर उर्फ सोनू (25), नितेश सोनी (32) और तिरकेश निषाद (21) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। दो विधि से संघर्षरत बालकों को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया।
प्रकरण में थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 431/2026 के तहत धारा 8, 21(ख), 27ए एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई की गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी आवासीय क्षेत्र में हेरोइन को अवैध रूप से रखकर उसकी बिक्री कर रहे थे। मामले की विवेचना जारी है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में खुर्सीपार पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशे के कारोबार या संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़





