पिता स्वर्गीय जसपाल यादव का सपना बेटे ने किया साकार, क्षेत्र का बढ़ाया गौरव
चंदेरी। क्षेत्र के होनहार चिकित्सक डॉ. राहुल यादव ने महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज, इंदौर से एमडी मेडिसिन (MD Medicine) की उपाधि प्राप्त कर एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उनकी इस सफलता से चंदेरी सहित आसपास के क्षेत्र में हर्ष और खुशी का माहौल है। उनकी उपलब्धि पर जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
डॉ. राहुल यादव की इस सफलता के पीछे वर्षों की मेहनत, लगन और समर्पण की प्रेरणादायक कहानी जुड़ी हुई है। उनके पिता स्वर्गीय जसपाल यादव जी ने जनपद पंचायत चंदेरी में अपनी सेवाएं दी थीं। उनका सपना था कि क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं एवं उचित उपचार मिल सके। दुर्भाग्यवश वे अपने जीवनकाल में इस सपने को पूरा होते नहीं देख सके, लेकिन उनके बेटे डॉ. राहुल यादव ने एमडी मेडिसिन की उपाधि हासिल कर अपने पिता के सपनों को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है।
वर्तमान में डॉ. राहुल यादव सहराई में पदस्थ हैं। उनके बड़े भाई सूर्यप्रताप सिंह यादव भी जनपद में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जबकि उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सुदर्शना यादव शिक्षिका के रूप में प्राणपुर में अपनी सेवाएं दे रही हैं। इस प्रकार पूरा परिवार शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनसेवा के क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक शाक्य ने की। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि अंगद यादव, यशपाल सिंह यादव सहित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विभाग के समस्त कर्मचारियों ने डॉ. राहुल यादव का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर डॉ. राहुल यादव ने कहा कि निरंतर मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार, बल्कि पूरे चंदेरी क्षेत्र का गौरव बढ़ा है।
डॉ. राहुल यादव की यह सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह संदेश देती है कि सच्ची मेहनत, समर्पण एवं दृढ़ इच्छाशक्ति से सपनों को हकीकत में बदला जा सकता है।
पुलिसवाला न्यूज़ चंदेरी
पत्रकार सैयद आबिद हाशमी







