डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया

दिल्ली में दिखाएंगी खेल प्रतिभा, छह स्तरों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद राष्ट्रीय टीम में चयन

डिंडौरी/शहपुरा। जिले की होनहार खिलाड़ी शिवानी वरकड़े ने अपनी खेल प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। शासकीय सांदीपनि विद्यालय शहपुरा की छात्रा शिवानी का चयन 14 वर्ष बालिका वर्ग की रग्बी प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश की टीम के लिए हुआ है। वे स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित 70वीं शालेय राष्ट्रीय रग्बी प्रतियोगिता में दिल्ली में प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। प्रतियोगिता का आयोजन 24 से 28 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है।

छह स्तरों पर प्रदर्शन के बाद राष्ट्रीय टीम में जगह

शालेय खेल कैलेंडर 2026-27 के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में शिवानी ने विद्यालय, विकासखंड, जिला, क्षेत्र, विभागीय राज्य और शालेय राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। लगातार छह स्तरों पर अपनी प्रतिभा साबित करने के बाद उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का अवसर मिला। खेल विशेषज्ञों ने उनके कौशल और प्रदर्शन के आधार पर मध्यप्रदेश की टीम के लिए चयनित किया।

इंदौर में लिया प्री-नेशनल प्रशिक्षण

जिला क्रीड़ा प्रभारी अधिकारी पुरुषोत्तम सिंह के अनुसार, शिवानी ने 17 से 21 अक्टूबर 2026 तक इंदौर में आयोजित प्री-नेशनल कोचिंग कैंप में प्रशिक्षण प्राप्त किया। इसके बाद वे राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदेश की टीम का हिस्सा बनीं। उनकी इस उपलब्धि से जिले के खेल जगत और विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।

विद्यालय और शिक्षा विभाग ने दी बधाई

शिवानी की उपलब्धि पर सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग राजेंद्र कुमार जाटव, विद्यालय के प्राचार्य यशवंत साहू, संदीप सोनी, प्रशिक्षक अनिल लोधी, जागेश्वर नंदा, परवेज खान, नवीन खरगाल, कैलाश रजक, किरण यादव, विपिन शर्मा, अनूप मिश्रा, विपिन वर्मा और मीना मरावी सहित अन्य लोगों ने हर्ष व्यक्त किया। सभी ने शिवानी को शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
शिवानी की यह उपलब्धि जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है। उनकी सफलता ने शहपुरा और डिंडौरी जिले को खेल के राष्ट्रीय मंच पर प्रतिनिधित्व दिलाया है।

Comments are closed.

Exit mobile version